19 दिन बाद डूंगरपुर में कांग्रेस का धरना खत्म
Share
विधायक गणेश घोघरा के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन, प्रशासन ने मानी मांगें
डूंगरपुर, 10 दिसम्बर: डूंगरपुर में कांग्रेस विधायक और जिलाध्यक्ष गणेश घोघरा के नेतृत्व में चल रहा धरना बुधवार को 19 दिन बाद समाप्त हो गया। सुबह से ही जिलेभर के सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक कलेक्ट्री पड़ाव पर जुटे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ढोल-नगाड़ों के साथ गैर खेली गई और प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स पर चढ़कर अपना रोष जताया। इस दौरान कुछ युवा कार्यकर्ता बैरिकेड्स के पार पुलिस घेरे में कूद गए, जिन्हें एएसपी और डीएसपी ने समझाइश देकर वापस भेजा।
विधायक घोघरा कलेक्टर और सीईओ को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सबसे पहले सीईओ और एसीईओ ने बैरिकेड्स के भीतर पहुंचकर बातचीत की। विधायक ने मनरेगा में काम की स्वीकृति, बकाया भुगतान और फसल खराबे के मुआवजे की मांग रखी। इसके बाद एडीएम दिनेशचंद्र धाकड़ भी मौके पर पहुंचे और सभी मांगों को पूरा करने का भरोसा दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि मनरेगा में काम मांगने वालों को तुरंत रोजगार दिया जाएगा और फसल खराबे का मुआवजा 15 दिसंबर तक जारी कर दिया जाएगा।
सीईओ ने जानकारी दी कि जिले में इस वर्ष रोजगार गारंटी के तहत 2197 नए काम स्वीकृत किए गए हैं, जबकि 10 हजार से अधिक पुराने कार्य जारी हैं, जिनमें करीब 66 हजार लोग कार्यरत हैं। भुगतान का 90 प्रतिशत हिस्सा जारी किया जा चुका है और शेष भुगतान प्रक्रिया में है।
धरना समाप्त होने के बाद कार्यकर्ताओं ने ढोल-धमाके के साथ जश्न मनाया और विधायक को कंधों पर उठाकर नाचते हुए एकजुटता का संदेश दिया। विधायक घोघरा ने कहा कि 19 दिनों की लगातार आवाज और जनता के विश्वास ने प्रशासन को झुकने पर मजबूर किया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि वादे समय पर पूरे नहीं हुए तो आगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
