यूडी टैक्स जमा नहीं करने पर निगम ने टखमण, एलटीवी 007, वैदेही फूड और चंद्रा मोटर्स को किया सील
Share
संपत्तियों पर ताला लगाकर व्यावसायिक गतिविधियां बंद, शहरवासियों को समय पर कर जमा करने की चेतावनी
उदयपुर, 19 जनवरी : नगर निगम ने नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) न जमा करने वाले प्रतिष्ठानों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए चार संपत्तियों को सील कर दिया। आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर निगम की टीम ने टखमण आर्ट सेंटर, एलटीवी 007, वैदेही फूड प्लाजा और चंद्रा मोटर्स को ताला लगाकर बंद करवा दिया।
नगर निगम के राजस्व अधिकारी नितेश भटनागर ने बताया कि टखमण आर्ट सेंटर का 24 लाख 44 हजार 282 रुपए, एलटीवी 007 का 57 लाख 8 हजार 866 रुपए, वैदेही फूड प्लाजा का 4 लाख 31 हजार 999 रुपए और चंद्रा मोटर्स का 3 लाख 44 हजार 99 रुपए नगरीय विकास कर बकाया था। सभी प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया जा चुका था, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संपत्तियों को सील किया गया।
हाथों-हाथ कर जमा करने वाले प्रतिष्ठान बचे
साथ ही, टाउन हॉल स्थित ग्रेट स्टेन शॉप और सिद्धि विनायक पार्क, हिरनमगरी स्थित सुहालका ने कार्रवाई के दौरान अपने बकाया यूडी टैक्स तुरंत जमा करवा दिया, इसलिए इन संपत्तियों को सीज नहीं किया गया।
नगर निगम की चेतावनी
आयुक्त खन्ना ने स्पष्ट किया कि नगर निगम द्वारा नोटिस प्राप्त सभी प्रतिष्ठान मालिक समय रहते कर जमा करवाएं और शहर के विकास में सहयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि कर जमा नहीं कराने पर निगम को सख्त कार्रवाई करते हुए संपत्तियों को सीज करने का अधिकार है। शहरवासियों से अपील की गई है कि सरकार द्वारा दी जा रही विशेष छूट का लाभ उठाएं और बकाया कर समय पर जमा कराएं।
