LOADING

Type to search

उप प्रधान के पति और बेटों ने हिस्ट्रीशीटर की पीट-पीटकर हत्या की

Local

उप प्रधान के पति और बेटों ने हिस्ट्रीशीटर की पीट-पीटकर हत्या की

Share

सड़क किनारे मिला लहूलुहान शव, तीन पत्थर बरामद; पैसे के लेन-देन का विवाद बना कारण
डूंगरपुर, 2 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क):
डूंगरपुर जिले के धंबोला थाना क्षेत्र में शनिवार रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां सीमलवाड़ा उप प्रधान के पति और बेटों ने कथित रूप से एक हिस्ट्रीशीटर की पत्थरों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक का लहूलुहान शव रविवार सुबह सड़क किनारे मिला। शव के पास उसकी बाइक और खून से सने तीन पत्थर भी बरामद हुए हैं।
थानाधिकारी मोहम्मद रिजवान खान ने बताया कि लिखी रोड पर शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान भूपेंद्र सिंह (उर्फ भूपेश) निवासी लिखी बड़ी, के रूप में हुई, जो धंबोला थाने का हिस्ट्रीशीटर था। शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि भूपेंद्र सिंह की हत्या पत्थरों से बुरी तरह पीट-पीटकर की गई। मृतक की पत्नी मीनाक्षी सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसके पति ने सीमलवाड़ा उप प्रधान के पति जीवराम अहारी को तीन लाख रुपए उधार दिए थे, जिन्हें लौटाने को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
शनिवार रात जीवराम अपने तीन बेटों — विपिन, कमल उर्फ बंटी और राजनारायण उर्फ जीतू के साथ भूपेंद्र को बाइक पर जाते समय रोककर उस पर हमला कर दिया। चारों ने मिलकर पत्थरों से उसकी हत्या कर दी और फरार हो गए। पुलिस ने चारों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
थानाधिकारी के अनुसार मृतक भूपेंद्र सिंह पर धंबोला सहित पड़ोसी राज्य गुजरात में करीब 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे, जिनमें हत्या, डकैती, अपहरण, रेप और पुलिस पर फायरिंग जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कहीं हत्या बदले या पुराने विवाद से जुड़ी तो नहीं है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *