LOADING

Type to search

शराब के नशे में बस चला रहा था ड्राइवर, भदेसर पुलिस ने समय रहते किया गिरफ्तार

Rajasthan

शराब के नशे में बस चला रहा था ड्राइवर, भदेसर पुलिस ने समय रहते किया गिरफ्तार

Share

-यात्रियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, बस जब्त
-यात्रियों को दूसरी बस से रवाना किया गया
चित्तौड़गढ़, 6 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क) :
कोटा से उदयपुर जा रही राजस्थान रोडवेज की एक बस में उस समय हड़कंप मच गया जब ड्राइवर ने रास्ते में शराब पीकर बस चलाना शुरू कर दिया। बस में सवार करीब 60 यात्रियों ने जब उसे लहराते हुए गाड़ी चलाते देखा तो डर के मारे तुरंत पुलिस को सूचना दी। भदेसर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस को रोककर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, यह बस कोटा डिपो से उदयपुर के लिए रवाना हुई थी। रास्ते में चालक दीपक शर्मा (निवासी बूंदी) ने शराब पीना शुरू कर दिया और बस को तेज गति में तिरछा चलाने लगा। यात्रियों ने आशंका जताई कि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसे में कुछ सवारियों ने हिम्मत जुटाकर पुलिस को सूचना दी।
भदेसर थाना पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर बस को रोका। एएसआई सुनील महाजन मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और चालक की जांच की। उसकी स्थिति संदिग्ध पाकर मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें पुष्टि हुई कि वह नशे की हालत में था। पुलिस ने आरोपी चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर बस को जब्त कर लिया।
घटना के बाद यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बस में बैठाकर उदयपुर के लिए रवाना किया गया। यात्रियों ने भदेसर पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई नहीं होती तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।

गौरतलब है कि हाल ही में जयपुर में हुए सड़क हादसे के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार ने सख्त निर्देश जारी किए हैं कि कोई भी चालक शराब पीकर वाहन चलाते पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। भदेसर थाना पुलिस की यह कार्रवाई उसी अभियान के तहत की गई, जिससे दर्जनों लोगों की जान बच गई।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *