स्वास्थ्य विभाग द्वारा परिवार नियोजन साधनों पर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित
Share
उदयपुर, 22 जनवरी : मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय (स्वास्थ्य भवन) में ‘अंतरा एससी’ तथा ‘इन्ट्रामस्कुलर’ परिवार नियोजन साधनों पर एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में जिले के समस्त नवनियुक्त चिकित्सकों एवं एएनएम (ANM) ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान एडिशनल सीएमएचओ डॉ. रागिनी अग्रवाल ने बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य कर्मियों को परिवार नियोजन के आधुनिक साधनों की विस्तृत जानकारी देना है। इसके साथ ही, उन्हें लाभार्थियों की उचित काउंसलिंग करने के कौशल में भी निपुण बनाना है, ताकि वे समुदाय को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर सकें।
जिला प्रशिक्षक एवं शहरी प्रभारी डॉ. कैलाश शर्मा ने ‘अंतरा एससी’ तथा ‘इन्ट्रामस्कुलर’ की तकनीकी बारीकियों को साझा किया। उन्होंने ‘INDIA Adopted WHO MEC Wheel’ के उपयोग और महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी, जो स्वास्थ्य कर्मियों को सही निर्णय लेने में मदद करता है।
प्रशिक्षण में IPAS Development Foundation से तृषा अवस्थी तथा निर्मला शर्मा ने मूल्यों का स्पष्टीकरण की गतिविधि का आयोजन किया जिससे संभागियों को प्रक्रिया समझने में आसानी हुई। इस अवसर पर लहर सिंह चन्देल तथा धर्म प्रकाश सहित अन्य विभागीय कर्मचारी और अधिकारी उपस्थित रहे।
