विक्रम भट्ट दंपती की जमानत पर सुनवाई फिर टली
Share
कोर्ट अवकाश बना जमानत में बाधा
उदयपुर, 22 दिसंबर: फिल्म निर्माण के नाम पर करोड़ों रुपए की कथित धोखाधड़ी के मामले में फिल्म निर्देशक विक्रम भट्ट और उसकी पत्नी श्वेतांबरी की जमानत पर सुनवाई सोमवार को भी नहीं हुई। सेशन कोर्ट में सोमवार को जमानत अर्जी पर सुनवाई होनी थी। न्यायाधीश के अवकाश पर होने के कारण सुनवाई आगे बढ़ गई। अब मंगलवार को एडीजे-3 न्यायालय में इस मामले की सुनवाई प्रस्तावित है।
भट्ट दंपती पर आरोप है कि उन्होंने एक फिल्म प्रोजेक्ट के लिए निवेश के नाम पर करीब 30 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की। इससे पहले एसीजेएम कोर्ट-4 ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद उन्होंने सत्र न्यायालय का रुख किया।
वकीलों का कहना है कि यदि मंगलवार को भी सुनवाई नहीं हो पाती है तो आगामी शीतकालीन अवकाश के चलते मामला लंबा खिंच सकता है। ऐसे में नए साल तक भट्ट दंपती को न्यायिक हिरासत में रहना होगा।
गौरतलब है कि इस प्रकरण में एसीजेएम कोर्ट ने जमानत खारिज करते हुए कहा था कि आरोपी प्रभावशाली हैं और जमानत मिलने पर गवाहों को प्रभावित किया जा सकता है। साथ ही, मामला भारतीय न्याय संहिता की गैर-जमानती धारा के अंतर्गत दर्ज होने के कारण भी राहत नहीं दी गई।
यह मामला तब सामने आया जब इंदिरा ग्रुप ऑफ कंपनीज के प्रमुख डॉ. अजय मुर्डिया ने फिल्म निर्माण के लिए हुए लगभग 42 करोड़ रुपए के समझौते में धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए उदयपुर में प्राथमिकी दर्ज करवाई। इस प्रकरण में विक्रम भट्ट सहित कुल आठ लोग आरोपी हैं।
