LOADING

Type to search

उदयपुर में हुई थी हिंदुजा परिवार की सबसे भव्य शादी

Local popular

उदयपुर में हुई थी हिंदुजा परिवार की सबसे भव्य शादी

Share

150 करोड़ रुपये खर्च, जेनिफर लोपेज ने दी थी परफॉर्मेंस; अब पिता गोपीचंद हिंदुजा का 85 वर्ष की उम्र में लंदन में निधन
उदयपुर, 5 नवम्बर:
ब्रिटिश-भारतीय अरबपति और हिंदुजा ग्रुप के चेयरमैन गोपीचंद हिंदुजा का मंगलवार को लंदन के एक अस्पताल में 85 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। गोपीचंद हिंदुजा अपने व्यावसायिक साम्राज्य और आलीशान जीवनशैली के लिए जाने जाते थे। उनके परिवार का नाम भारत और विश्व के सबसे अमीर परिवारों में शुमार है। उनके बेटे संजय हिंदुजा की शादी वर्ष 2015 में उदयपुर में हुई थी, जिसने अपने शाही आयोजन और भव्यता के लिए विश्वभर में सुर्खियां बटोरी थीं।
उदयपुर में 150 करोड़ की भव्य शादी
संजय हिंदुजा, जो गल्फ ऑयल इंटरनेशनल लिमिटेड के हेड हैं, ने डिजाइनर अनुसूया महतानी से 2015 में जगमंदिर आइलैंड पैलेस, उदयपुर में विवाह किया था। इस शादी पर करीब 150 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। तीन दिनों तक चले इस उत्सव में बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक के सितारों की मौजूदगी रही। शादी के दौरान 16,000 से अधिक मेहमान शामिल हुए थे।
जेनिफर लोपेज और निकोल शेर्जिंगर की परफॉर्मेंस
शादी का सबसे बड़ा आकर्षण अमेरिकी पॉप स्टार जेनिफर लोपेज की परफॉर्मेंस रही। उन्होंने अपनी मौजूदगी के लिए लगभग 6.5 करोड़ रुपये लिए और अपने तत्कालीन बॉयफ्रेंड कैस्पर स्मार्ट के साथ कार्यक्रम में शामिल हुईं। वहीं, संगीत समारोह में अमेरिकी गायिका निकोल शेर्जिंगर ने रणवीर सिंह और अर्जुन कपूर के साथ फिल्म गुंडे के गाने “तूने मारी एंट्रियां” पर प्रस्तुति दी थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, निकोल ने अपनी परफॉर्मेंस के लिए 40 लाख रुपये चार्ज किए थे।
शाही अंदाज में हुआ आयोजन
शादी से पहले मुंबई में दो भव्य प्री-वेडिंग पार्टियां हुई थीं। पहली पार्टी हिंदुजा परिवार के जुहू बंगले में आयोजित की गई, जिसमें उद्धव ठाकरे, देवेंद्र फडणवीस और शायना एनसी जैसे कई नामी हस्तियां शामिल हुईं। दूसरी पार्टी मुंबई के ताज महल पैलेस होटल में हुई, जिसमें करीब 3,000 मेहमान शामिल हुए थे।
उदयपुर के ताज लेक पैलेस और ओबेरॉय उदयविलास में हुए इस आयोजन के दौरान मेहमानों को लाने-ले जाने के लिए करीब 208 चार्टर्ड प्लेन और सैकड़ों BMW कारें हायर की गईं। चार्टर्ड विमानों की व्यवस्था पर ही करीब 20 करोड़ रुपये खर्च हुए थे।
बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी
शादी में बॉलीवुड के कई बड़े सितारे जैसे शिल्पा शेट्टी, रणवीर सिंह, अर्जुन कपूर, प्रीति ज़िंटा, मलाइका अरोड़ा, रवीना टंडन और डीनो मोरिया शामिल हुए थे। दूल्हा-दुल्हन के वस्त्र मशहूर डिजाइनर मनीष मल्होत्रा और तरुण तहिलियानी ने तैयार किए थे, जिनकी कुल कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये बताई गई।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *