LOADING

Type to search

सात लाख की रिश्वत लेते पकड़े गिरदावर के खिलाफ चार्जशीट पेश

Local

सात लाख की रिश्वत लेते पकड़े गिरदावर के खिलाफ चार्जशीट पेश

Share

जमीन पैमाइश के बदले मांगी थी रिश्वत
उदयपुर, 9 जनवरी
: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सात लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किए गए गिरदावर (भू-अभिलेख निरीक्षक) कमलेशचन्द्र खटीक के खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र पेश कर दिया है। यह कार्रवाई एसीबी इंटेलिजेंस यूनिट उदयपुर द्वारा की गई।
एसीबी से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी कमलेशचन्द्र खटीक तत्कालीन गिरदावर वृत भाणा तहसील कुंवारिया जिला राजसमंद ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए परिवादी रमेशचन्द्र से किसान फार्म हाउस की भूमि पैमाइश और ऑनलाइन नक्शा दुरुस्तीकरण के नाम पर 10 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी। सौदेबाजी के बाद आरोपी सात लाख रुपए में रिश्वत लेने पर सहमत हुआ।
दिनांक 14 नवंबर 2025 को एसीबी ने सुनियोजित ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी को परिवादी से सात लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। प्रकरण में अनुसंधान पूर्ण होने के बाद एसीबी मुख्यालय के आदेशानुसार, उप महानिरीक्षक पुलिस एसीबी उदयपुर रेंज के निर्देशन में शुक्रवार को राजसमंद के भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम प्रकरण कोर्ट के न्यायाधीश के समक्ष आरोप पत्र प्रस्तुत किया गया।
फिलहाल आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागृह राजसमंद में बंद है। इसके साथ ही एसीबी द्वारा आरोपी और उसकी पत्नी के नाम दर्ज पेट्रोल पंप एवं क्रशर प्लांट में साझेदारी सहित आय से अधिक संपत्ति की जांच भी अलग से की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *