शराब तस्कर ने की पुलिस पर कार चढ़ाने की कोशिश
Share
उदयपुर, 24 अक्टूबर: खेरवाड़ा थाना क्षेत्र के मोथली मोड़ पोगरा पर जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) द्वारा अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए नाकाबंदी की जा रही थी। इस दौरान गुजरात की ओर जा रही वाहनों की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान टीम ने एक कार को रोकने का प्रयास किया, तभी कार चालक ने पुलिस जाब्ते के ऊपर कार चढ़ाने की कोशिश की। इस घटना में सहायक उप निरीक्षक विक्रम सिंह व अन्य पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। चालक को पकड़ने पर उसकी पहचान सुनील टेलर पुत्र मोतीलाल चौहान (37) निवासी गन्दोली खेमली थाना डबोक उदयपुर के रूप में हुई। थाना अधिकारी दलपत सिंह राठौड़ ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास व सरकारी कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।
