नाबालिग छात्रा से रेप के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार
Share
डूंगरपुर, 29 अक्टूबर(विजन 360 न्यूज डेस्क): डूंगरपुर जिले के ओबरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने ‘ऑपरेशन शिकंजा’ के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग छात्रा से रेप के प्रयास के आरोपी को गिरफ्तार किया है।
घटना 16 अक्टूबर 2025 की सुबह करीब 11 बजे हुई, जब 9वीं कक्षा की छात्रा घर पर अकेली थी और उसकी मां खेतों में गई हुई थी। आरोपी उसके घर में घुस आया और छात्रा को जबरदस्ती पकड़कर रेप का प्रयास करने लगा।
पीड़िता ने विरोध किया और चिल्लाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया। पीड़िता ने बचने के लिए संघर्ष किया, जिससे उसके सीने पर चोटें भी आईं। इसी दौरान, पीड़िता की मां घर लौट आई, जिन्हें देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने तुरंत अपनी मां को घटना की जानकारी दी।
चूंकि पीड़िता के पिता अहमदाबाद में मजदूरी करते थे, इसलिए रिपोर्ट दर्ज कराने में देरी हुई। पिता के लौटने पर, छात्रा अपने माता-पिता के साथ ओबरी थाने पहुंची और मामला दर्ज कराया। पुलिस ने छानबीन करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। गहन पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
