मुंबई में 17 बच्चों को बंधक बनाने वाला एनकाउंटर में ढेर
Share
पवई के ‘रा स्टूडियो’ में ऑडिशन के बहाने बुलाया था, सभी बंधक सुरक्षित
मुंबई, 30 अक्टूबर: मुंबई के पवई इलाके के ‘रा स्टूडियो’ में गुरुवार को 17 बच्चों सहित 19 लोगों को बंधक बनाने वाले आरोपी रोहित आर्या को पुलिस एनकाउंटर में मार गिराया गया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान फायरिंग में गंभीर रूप से घायल हुए आरोपी की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
ऑडिशन के बहाने बुलाया, बनाया बंधक
दोपहर 1:45 बजे, रोहित आर्या नाम के इस शख्स ने 17 बच्चों, एक वरिष्ठ नागरिक और एक अन्य नागरिक को स्टूडियो में बंधक बना लिया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर 100 से अधिक बच्चों को ऑडिशन के बहाने बुलाया था। पुलिस और स्पेशल कमांडो की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग एक घंटे के भीतर सभी 19 बंधकों को सुरक्षित बचा लिया। घटनास्थल से एक एयरगन और कुछ केमिकल भी बरामद हुए हैं।
बंधक बनाकर जारी किया था वीडियो
बंधक बनाने के बाद आरोपी रोहित आर्या ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी जारी किया था। वीडियो में वह खुद को ‘रोहित आर्या’ बताते हुए कह रहा था: “सुसाइड करने के बजाय मैंने एक योजना बनाई है और कुछ बच्चों को यहां बंधक बनाकर रखा है। मेरी ज्यादा मांगें नहीं हैं। मेरी बहुत ही साधारण, नैतिक मांगें हैं और कुछ सवाल हैं।”
रोहित ने आगे कहा, “मैं कुछ लोगों से बात करना चाहता हूं और उनके जवाबों के जवाब में मेरे पास कोई सवाल हो, तो मैं उनसे भी पूछना चाहता हूं, लेकिन मुझे ये जवाब चाहिए। मैं कोई आतंकवादी नहीं हूं, न ही मैं बहुत ज्यादा पैसे की मांग करता हूं।” उसने धमकी दी थी कि “अगर मुझे थोड़ा भी उकसाया गया तो मैं इस जगह (स्टूडियो) को आग लगा दूंगा।” उसने यह भी कहा कि अगर उसे उकसाया गया तो वह “बच्चों को नुकसान पहुंचाने वाला कदम उठा लेगा।”
पुलिस की त्वरित और सटीक कार्रवाई के चलते सभी बंधकों को सुरक्षित बचा लिया गया और बड़े खतरे को टाल दिया गया।
