रक्षा मंत्रालय ने बांसवाड़ा में नई एनसीसी बटालियन की दी मंजूरी
Share
जीजीटीयू की पहल पर जनजातीय युवाओं को नई दिशा
बांसवाड़ा, 8 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): जनजातीय क्षेत्र के युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने और उनमें अनुशासन व देशभक्ति की भावना विकसित करने के उद्देश्य से रक्षा मंत्रालय ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। मंत्रालय ने देश के विभिन्न आदिवासी बहुल इलाकों में नई राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) बटालियनों की स्थापना को मंजूरी दी है।
इसी क्रम में गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय (जीजीटीयू), बांसवाड़ा में अस्थायी रूप से नई एनसीसी बटालियन की शुरुआत की जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसके लिए भवन आवंटित कर क्षेत्र के युवाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं।
कुलगुरु प्रो. केशव सिंह ठाकुर ने बताया कि यह कदम “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना को साकार करता है। एनसीसी प्रशिक्षण से जनजातीय युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास होगा, जिससे वे सशस्त्र बलों और अन्य रोजगार के अवसरों के लिए तैयार हो सकेंगे।
उन्होंने कहा कि इस पहल से युवाओं को आत्मरक्षा, आपदा प्रबंधन और सामाजिक सेवा का प्रशिक्षण भी मिलेगा। साथ ही, नई शिक्षा नीति 2020 के तहत माध्यमिक स्तर पर एनसीसी को वैकल्पिक विषय के रूप में चुनने का लाभ भी उपलब्ध होगा।
कुलगुरु ठाकुर ने कहा कि जनजातीय युवाओं में ऊर्जा और अनुशासन की अपार संभावनाएं हैं। एनसीसी बटालियन की स्थापना से उनमें नेतृत्व, संगठन और सेवा भावना का विकास होगा, जो क्षेत्रीय सशक्तिकरण और राष्ट्रीय एकता की दिशा में प्रेरक सिद्ध होगा।
