बेटी की शादी के लिए जोड़ा था पैसा और जेवरात, चुरा ले गए चोर
Share
धंबोला में दो सूने मकानों से 27 लाख से ज्यादा की नकदी और गहने ले उड़े चोर
डूंगरपुर, 20 जनवरी: डूंगरपुर जिले के धंबोला थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। बस स्टैंड के पास स्थित दो सूने मकानों को चोरों ने निशाना बनाते हुए 7 लाख 25 हजार रुपए नकद और करीब 20 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर व चांदी के सिक्के चोरी कर लिए। इस तरह कुल 27 लाख 25 हजार रुपए से अधिक की चोरी हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
चोरी की मुख्य वारदात धंबोला निवासी निकुंज भट्ट के मकान में हुई, जो वर्तमान में डूंगरपुर में रहते हैं और गांधी आश्रम सेवा संघ के हॉस्टल में वार्डन हैं। उनकी पत्नी संगीता भट्ट भोगीलाल पंड्या पब्लिक स्कूल में अध्यापिका हैं। निकुंज भट्ट की बेटी हिमानी भट्ट की शादी 10 फरवरी को तय है। उन्होंने बताया कि बेटी की शादी के लिए उन्होंने मेहनत से एक-एक रुपया जोड़कर नकदी जमा की थी और जेवर बनवाए थे, जिन्हें चोर ले उड़े।
दो दिन से सूना पड़ा था घर
परिवार की बेटी हिमानी 18 जनवरी की शाम को घर से डूंगरपुर गई थी। शादी के लिए खरीदे गए जेवर और करीब साढ़े चार लाख रुपए नकद घर में ही रखे हुए थे। पिछले दो दिनों से घर सूना होने का फायदा उठाकर चोरों ने ताले तोड़ दिए और पूरी अलमारी खंगाल ली।
पास के मकान में भी चोरी
निकुंज भट्ट के भाई सनत भट्ट का मकान भी पास ही स्थित है। सनत भट्ट अपने बच्चे की परीक्षा के सिलसिले में उदयपुर गए हुए थे और रात में डूंगरपुर में अपनी बेटी के घर रुके थे। मंगलवार सुबह जब वे अपने घर लौटे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर अलमारियां खुली थीं और सामान बिखरा पड़ा था।
दोनों भाइयों के मकानों से चोरों ने कुल 7 लाख 25 हजार रुपए नकद और करीब 20 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर व चांदी के सिक्के चोरी किए हैं। चोरी की सूचना मिलते ही धंबोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया। पीड़ित परिवारों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के इलाकों में पूछताछ के साथ ही चोरों की तलाश और सुराग जुटाने का काम किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी की इस वारदात का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
