LOADING

Type to search

चित्तौड़गढ़ में आज से राष्ट्रीय स्कूली हैंडबॉल प्रतियोगिता का आगाज़

Local

चित्तौड़गढ़ में आज से राष्ट्रीय स्कूली हैंडबॉल प्रतियोगिता का आगाज़

Share

देशभर से पहुंची 65 टीमें—1300 खिलाड़ी, चार मैदानों पर होंगे मुकाबले
चित्तौड़गढ़, 4 जनवरी:
ऐतिहासिक धरोहरों के लिए पहचाना जाने वाला चित्तौड़गढ़ अब राष्ट्रीय खेल आयोजनों के मानचित्र पर भी अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। जिले में पहली बार स्कूली स्तर की राष्ट्रीय प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। सोमवार से यहां राष्ट्रीय स्कूली छात्र-छात्रा हैंडबॉल प्रतियोगिता (अंडर-14) का शुभारंभ होने जा रहा है, जिसमें देशभर से करीब 1300 खिलाड़ी और अधिकारी भाग ले रहे हैं।
यह प्रतियोगिता 5 से 10 जनवरी तक चलेगी और इसका आयोजन राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पारोली के माध्यम से किया जा रहा है।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की 65 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें बालक और बालिका वर्ग के कुल 1000 से अधिक खिलाड़ी, जबकि कोच, मैनेजर और अधिकारी मिलाकर संख्या लगभग 1300 तक पहुंच गई है। रविवार को सभी टीमें चित्तौड़गढ़ पहुंच चुकी हैं और स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के नियमों के अनुसार पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इतनी बड़ी संख्या में स्कूली खिलाड़ियों के आगमन से जिले में खेल उत्सव जैसा माहौल बन गया है।
प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन सोमवार सुबह 10.30 बजे किया जाएगा। उद्घाटन के बाद मुकाबले शुरू हो जाएंगे। जिला मुख्यालय स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम में प्रतियोगिता के लिए चार अलग-अलग हैंडबॉल मैदान तैयार किए गए हैं। इन मैदानों को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है, ताकि खिलाड़ियों को बेहतरीन खेल अनुभव मिल सके।
बालक वर्ग में 506 और बालिका वर्ग में 499 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। सभी टीमों को 8-8 समूहों में बांटा गया है और शुरुआती तीन दिनों तक लीग मुकाबले खेले जाएंगे।
निष्पक्ष आयोजन के लिए कड़ी निगरानी
प्रतियोगिता के निष्पक्ष और सुचारु संचालन के लिए स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं चित्तौड़गढ़ में मौजूद हैं। शिक्षा निदेशालय बीकानेर द्वारा 71 निर्णायकों की नियुक्ति की गई है, जो सभी मैचों में नियमों का पालन सुनिश्चित करेंगे।
राजस्थानी परंपरा से हुआ स्वागत
जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक मुख्यालय एवं आयोजन सचिव राजेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि बाहर से आने वाली सभी टीमों का रेलवे स्टेशन पर राजस्थानी परंपरा अनुसार उपरणा पहनाकर स्वागत किया गया। खिलाड़ियों और अधिकारियों के ठहरने, परिवहन, भोजन, चिकित्सा और सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की गई है।
खेल नगरी के रूप में उभरता चित्तौड़गढ़
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार दशोरा ने कहा कि यह प्रतियोगिता चित्तौड़गढ़ की खेल आयोजन क्षमता को दर्शाती है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता से जिले को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी। यह आयोजन जिले के खेल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *