बांसवाड़ा में तीन बहनों के इकलौते भाई की मौत
Share
उदयपुर में इलाज के दौरान तोड़ा दम, 9 दिन से था वेंटिलेटर पर
बांसवाड़ा, 31 अक्टूबर(विजन 360 न्यूज डेस्क): बांसवाड़ा-जयपुर मार्ग पर सुरपुर-भगतपुरा के पास 22 अक्टूबर को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक वीरेंद्र प्रजापत (22) की शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में कुल पांच लोग घायल हुए थे, जिनमें से तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वीरेंद्र को गंभीर चोट लगने पर पहले उदयपुर के सरकारी अस्पताल और बाद में गीतांजलि हॉस्पिटल रेफर किया गया था, जहां वह 9 दिन तक वेंटिलेटर पर रहने के बाद दम तोड़ गया।
परिजनों ने बताया कि वीरेंद्र के ब्रेन का ऑपरेशन किया गया था, लेकिन उसकी स्थिति लगातार नाजुक बनी रही। वीरेंद्र तीन बहनों का इकलौता भाई और परिवार का अकेला कमाने वाला सदस्य था। वह डेकोरेशन का काम करता था। पिता बीमार रहते हैं और पहले मिट्टी के मटके बनाने का काम करते थे। परिवार मूल रूप से कलिंजरा क्षेत्र के भोयन गांव का रहने वाला है, लेकिन पिछले दो साल से सेनावासा स्थित हस्तिनापुर मंदिर के पास किराए के कमरे में रह रहा था।
परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी। परिजन कल्पेश प्रजापत ने बताया कि वीरेंद्र के इलाज में करीब 5 लाख रुपए खर्च हुए, जिससे परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। मां पारी देवी और बहनें शोक में हैं। सदर थाना सीआई बुधाराम बिश्नोई ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
