उधारी मांगने पर भड़का दुकानदार, युवक के जबड़े पर किया छुरे से वार
Share
बांसवाड़ा में सनसनीखेज हमला, हालत गंभीर; उदयपुर रेफर
बांसवाड़ा, 28 जनवरी: बांसवाड़ा जिले में उधार के रुपए मांगना एक युवक को भारी पड़ गया। सदर थाना क्षेत्र के भगोरा पाड़ा (भटवाड़ा) गांव में नॉनवेज दुकान संचालक ने उधारी लौटाने की बात पर युवक पर छुरे से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसका जबड़ा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी ग्रामीणों को देखकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय भारत मालवीया पुत्र लक्ष्मण मालवीया ने गांव के ही एक दुकानदार को 800 रुपए उधार दे रखे थे। मंगलवार रात करीब 9:30 बजे वह अपने बकाया रुपए लेने दुकान पर पहुंचा। रुपए मांगते ही दुकानदार भड़क गया और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने दुकान में रखा छुरा उठाकर भारत के जबड़े पर वार कर दिया। हमले से भारत लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिन्हें देख आरोपी भाग निकला। ग्रामीणों ने घायल युवक को निजी वाहन से एमजी अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण युवक को उदयपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
