राज्य को मिले 956 नए स्पेशलिस्ट डॉक्टर, उदयपुर संभाग को मिले 136
Share
PG के बाद लंबा इंतजार खत्म, प्रदेशभर के अस्पतालों में मिली पोस्टिंग
उदयपुर, 29 जनवरी : राजस्थान के स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सा सेवाओं को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पोस्ट ग्रेजुएशन के बाद लंबे समय से वेटिंग कर रहे 956 डॉक्टरों को पोस्टिंग दे दी है। बुधवार देर रात मेडिकल एंड हेल्थ डिपार्टमेंट की ओर से दो अलग-अलग सूचियां जारी की गईं, जिससे पिछले करीब तीन महीनों से नियुक्ति का इंतजार कर रहे डॉक्टरों को राहत मिली है। उदयपुर संभाग को 136 विशेषज्ञ मिले हैं, जिन्हें उप जिला अस्पताल व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में लगाया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाओं का लाभ बढ़ेगा।
जानकारी के अनुसार ये सभी डॉक्टर पीजी डिग्री हासिल करने के बाद बिना पोस्टिंग के थे, जबकि सरकार उन्हें वेतन-भत्तों के रूप में करोड़ों रुपए का भुगतान कर रही थी। अब इन डॉक्टरों की सेवाओं का सीधा लाभ प्रदेश के मरीजों को मिलेगा।
जारी सूची में एनेस्थिसिया, जनरल सर्जरी, गायनी, दंत रोग, टीबी, स्किन, ऑर्थोपेडिक, नेत्र रोग सहित अन्य विशेषज्ञ विषयों के डॉक्टर शामिल हैं। इनकी तैनाती प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), उप जिला अस्पताल, जिला अस्पताल, सेटेलाइट हॉस्पिटल और अन्य बड़े चिकित्सा संस्थानों में की गई है।
स्पेशलिस्ट की कमी होगी दूर
अब तक कई अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के कारण छोटी सर्जरी और विशेष उपचार प्रभावित हो रहे थे। नई पोस्टिंग के बाद इन संस्थानों में उपचार की गुणवत्ता बेहतर होगी और मरीजों को जिला स्तर पर ही विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
