भगवान सांवलिया जी सेठ का भंडार खोला, प्रथम दिन 9 करोड़ 70 लाख रुपए गिने गए
Share
उदयपुर, 20 सितम्बर: भगवान श्री सांवलिया सेठ मंडफिया के दरबार का भंडार शनिवार को चतुर्दशी के दिन मंदिर बोर्ड अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव और अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रभा गौतम की उपस्थिति में खोला गया। भंडार गिनती के प्रथम दिन कुल 9 करोड़ 70 लाख रुपए नगद प्राप्त हुए। भंडार की शेष राशि की गिनती दूसरे चरण में सोमवार, 22 सितंबर को की जाएगी।
राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री हेमंत मीणा मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। उनका स्वागत मंदिर बोर्ड अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव ने उपरणा ओढ़ाकर, महाप्रसाद और तस्वीर भेंट कर किया। दर्शन के दौरान मंत्री मीणा ने भंडार गिनती का अवलोकन किया और मंदिर में चल रहे विकास कार्यों तथा इतिहास की जानकारी प्राप्त की।
भंडार गिनती में मंदिर बोर्ड के सदस्य किशनलाल अहीर, पवन तिवारी, हरिराम गाडरी, रामलाल गुर्जर, लेखाधिकारी राजेंद्र सिंह, संपदा एवं मंदिर प्रभारी भेरूगिरी गोस्वामी, सुरक्षा प्रभारी गुलाब सिंह राजपूत, संस्थापन प्रभारी लेहरी लाल गाडरी, बिहारी लाल गुर्जर, भेरूलाल गुर्जर, दीपक तिवारी, जितेन्द्र त्रिपाठी सहित अन्य चुनिंदा कर्मचारी और बैंकों के कर्मचारी उपस्थित रहे।
भंडार गिनती के दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। अधिकारियों ने बताया कि भंडार की पूरी राशि सुरक्षित रूप से जमा करने और रिकॉर्ड करने के बाद ही सार्वजनिक रूप से परिणाम घोषित किए जाएंगे।
