LOADING

Type to search

एक ही चिता पर तीनों भाई-बहनों का अंतिम संस्कार

Local

एक ही चिता पर तीनों भाई-बहनों का अंतिम संस्कार

Share

गांव की गलियों में शोक की वीरानी , हर मन आहत
सलूम्बर, 3 नवम्बर(विजन 360 न्यूज डेस्क):
झल्लारा थाना क्षेत्र के धोला काकर गांव में रविवार को हुआ हादसा सोमवार को पूरे गांव के लिए असहनीय पीड़ा बनकर मंडराया। नहाने के लिए घर से निकले तीन चचेरे बच्चे दो बहनें और एक भाई लौटकर नहीं आए। कुएं में डूबने से तीनों की मौत हो गई। सोमवार को जब एक ही चिता पर तीनों की अर्थियां उठीं, तो गांव का बड़ा-छोटा, बूढ़ा-बच्चा हर कोई फफक पड़ा। हवा में सिर्फ मातम था और आंखों में सिर्फ आंसू।
जान गंवाने वाले मासूम माया मीणा (14) और खुशबू (10) पुत्री चोखा मीणा तथा लोकेश (13) पुत्र रूपलाल मीणा गांव के पास बने बिना मुंडेर वाले कुएं पर नहाने गए थे। बारिश से लबालब भरे कुएं में सम्भवत: किसी का पैर फिसला और बाकी दो उसे बचाने में गहराई में चले गए। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर जब परिजन तलाश में निकले, तो कुएं में तीन नन्ही देहों ने पूरे गांव को दहला दिया।
माया और लोकेश सातवीं में थे, जबकि खुशबू पांचवीं की छात्रा थी। खेती-किसानी करने वाले परिवारों के इन तीन फूलों के यूं असमय मुरझा जाने से गांव का हर द्वार शोक में डूबा है। पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचे, तो सन्नाटे को सिर्फ एक ही आवाज चीर रही थी, चीख और रुदन की। गांव ने छलकते आंसुओं के साथ तीनों बच्चों को विदाई दी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *