निर्माणाधीन मकान के चौकीदार ने नाबालिग से किया दुष्कर्म
Share
डरी-सहमी मासूम निकली 3 महीने की गर्भवती
आरोपी न्यायिक हिरासत में
बांसवाड़ा, 27 दिसम्बर : राजस्थान के बांसवाड़ा जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। राजतालाब थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान की रखवाली करने वाले चौकीदार ने 8वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया। वारदात का खुलासा तब हुआ जब आरोपी ने दोबारा दबाव बनाया और पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाई। मेडिकल जांच में पीड़िता के तीन महीने की गर्भवती होने की पुष्टि हुई है।
पुलिस के अनुसार यह घटना बीते सितंबर महीने की है। पीड़िता का छोटा भाई खेलते हुए पड़ोस में बन रहे एक मकान में चला गया था। जब नाबालिग उसे वापस लेने वहां पहुंची, तो आरोपी चौकीदार ने उसे अकेला पाकर दबोच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने बच्ची को डराया कि यदि उसने मुंह खोला तो वह उसे जान से मार देगा और समाज में उसे बदनाम कर देगा। लोक-लाज और जान के डर से बच्ची तीन महीने तक खामोश रही।
हाल ही, 24 दिसंबर को आरोपी ने पीड़िता पर फिर से शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। इस बार हिम्मत जुटाकर पीड़िता अपने घर पहुंची और माता-पिता को पूरी सच्चाई बता दी। परिजनों ने तुरंत थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जब पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाया, तो रिपोर्ट चौंकाने वाली थी, मासूम तीन महीने की गर्भवती पाई गई।
राजतालाब थानाधिकारी देवीलाल मीणा ने बताया कि मामला दर्ज होते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चौकीदार को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को आरोपी को स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
