सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क और लॉयन सफारी के वन्यजीवों की देखभाल केवल एक केयरटेकर के भरोसे
Share
लगभग दो सौ जानवर हैं, जिनकी देखभाल के लिए चाहिए स्थायी डॉक्टर और दस से अधिक केयर टेकर
उदयपुर, 17 दिसम्बर (ओम पाल): सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क और हाल ही ₹3.45 करोड़ की लागत से तैयार उदयपुर लॉयन सफारी में वन्यजीवों की देखभाल सिर्फ एक केयर टेकर के भरोसे चल रही है। विभाग के पास स्थायी डॉक्टर नहीं है। जरूरत पड़ने पर चेतक सर्कल स्थित डॉक्टर की सेवाएं ली जाती हैं, लेकिन अगर वह शहर से बाहर हों, तो गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है।
यहां शेर ‘सम्राट’ और शेरनी ‘सुनैना’ समेत कुल दो प्रमुख जानवर हैं। पहले संविदा पर नियुक्त डॉक्टर ने इस्तीफा दे दिया था। फिलहाल चेटक सर्कल स्थित पशु चिकित्सालय के डॉ. हिमांशु व्यास अस्थायी तौर पर देखभाल कर रहे हैं। वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि यह व्यवस्था नियमित मॉनिटरिंग के लिए पर्याप्त नहीं है। पार्क और लॉयन सफारी से जुड़े वन अधिकारी ने नाम नहीं बताने की शर्त पर बताया कि केयर टेकर की संख्या बढ़ाए जाने की जरूरत है और स्थायी चिकित्सक भी होना बेहद जरूरी है। नियमानुसार दस से अधिक केयर टेकर यहां होने चाहिए। जबकि कड़ाके की ठंड में भालू और अन्य जानवरों के आहार और व्यवहार में बदलाव देखा जा रहा है। इसके विपरीत उपवन संरक्षक यादवेंद्र सिंह चुंडावत का कहना है कि बायोलॉजिकल पार्क और लॉयन सफारी के जानवर पूरी तरह सुरक्षित हैं। अस्थायी डॉक्टर की सेवाएं ली जा रही हैं, दो केयर टेकर काम कर रहे हैं।
