महिला ने कुल्हाड़ी से पति की गर्दन काटी
Share
हत्या के बाद कुएं में कूदी आरोपी, ग्रामीणों ने रस्सी से बाहर निकालकर पुलिस को सौंपा
चित्तौड़गढ़, 19 दिसम्बर: चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। तमलाव गांव में एक महिला ने घरेलू विवाद के चलते अपने पति की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद महिला ने गांव से करीब 500 मीटर दूर कुएं में छलांग लगा दी, जिसे ग्रामीणों ने समय रहते रस्सी की मदद से बाहर निकाल लिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे की है। डीएसपी शंकर लाल मीणा ने बताया कि तमलाव निवासी लाड बाई ने अपने पति मोहन गुर्जर (45) पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए। वार इतना घातक था कि मोहन की गर्दन धड़ से अलग हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय घर में दोनों के बच्चे भी मौजूद थे।
ग्रामीणों ने बताया कि घटना के बाद महिला का बड़ा बेटा सुनील (17) रोता-बिलखता घर से बाहर निकला और मदद की गुहार लगाई। इसके कुछ ही देर बाद लाड बाई घर से बाहर आई और इशारों में हत्या की बात कहने लगी। इसके बाद वह दौड़ते हुए गांव से बाहर बंजारा बस्ती की ओर स्थित कुएं पर पहुंची और उसमें छलांग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और रस्सी के सहारे महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों का कहना है कि लाड बाई की मानसिक स्थिति पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं थी, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
सूचना मिलने पर डीएसपी शंकर लाल मीणा सहित पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मोबाइल इन्वेस्टिगेशन टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
मृतक मोहन गुर्जर बकरियां चराने का काम करता था। उसके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा सुनील 11वीं कक्षा में पढ़ता है, जबकि छोटा बेटा अर्जुन (14) पिता के साथ बकरियां चराता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया है। पुलिस अब इस मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और हत्या के कारणों व परिस्थितियों का गहनता से पता लगाया जा रहा है।
