स्पीकर विवाद में हुई थी युवक की पीट-पीटकर हत्या
Share
परतापुर रीको क्षेत्र में अज्ञात शव मिलने का खुलासा, दो गिरफ्तार, दो फरार
उदयपुर, 19 सितम्बर:बांसवाड़ा जिले में गढ़ी थाना क्षेत्र के रीको औद्योगिक क्षेत्र परतापुर में 13 सितंबर को मिले अज्ञात व्यक्ति के शव का रहस्य पुलिस ने सुलझा लिया। मृतक की पहचान आनंदपुरी निवासी विकास पुत्र सुभाष भाटिया के रूप में हुई। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
शिनाख्त के बाद आनंदपुरी थानाधिकारी कपिल पाटीदार को मामले की जांच सौंपी गई। एएसपी डॉ. राजेश भारद्वाज और डिप्टी सुदर्शन पालीवाल के सुपरविजन में टीम गठित की गई। जांच में पाया गया कि 12 सितंबर की शाम विकास को आशापुरा मोड के पास एक शराब की दुकान के पास देखा गया था। उसके साथ चार-पांच लोग मौजूद थे, जिनकी पहचान महेंद्र, रमेश, राहुल, सुभाष और पंकज के रूप में हुई। टीम ने तलाशी और पूछताछ के बाद पंकज और राहुल को हिरासत में लिया। दोनों ने बताया कि महेंद्र और रमेश ने उन्हें विकास को मारने के लिए कहा था।
पुलिस के अनुसार विवाद की शुरुआत कुछ महीने पहले मानगढ़ के ढाबे पर हुई थी। विकास स्पीकर बजाकर डांस कर रहा था। इसी दौरान महेंद्र को कॉल आया, लेकिन आवाज सुनाई नहीं दी। उसने विकास से आवाज कम करने के लिए कहा। इस पर बहस और मारपीट हुई। 12 सितंबर को महेंद्र ने विकास को आशापुरा मोड़ पर देखा और रमेश, पंकज और राहुल को बुलाया। सभी विकास को रीको क्षेत्र की सुनसान जगह ले गए और लाठी, लात-घूंसों से पीटा। विकास के निढाल होने के बाद उसे नहर में डाल दिया और एक घंटे बाद मोटर साइकिल के पास लिटाकर फरार हो गए। पुलिस ने शव को बरामद कर कार्रवाई शुरू की है। महेंद्र और रमेश की गिरफ्तारी के लिए टीम जुटी हुई है।
