मेवाड़ की यह भूमि देश को सदैव गौरवान्वित करती रही है: राजनाथ सिंह
Share
मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार सदस्यों से विकास को लेकर हुई सार्थक चर्चा
उदयपुर, 2 जनवरी: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को उदयपुर प्रवास के दौरान मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार सदस्यों से शिष्टाचार भेंट की और क्षेत्रीय विकास सहित विभिन्न राष्ट्रीय विषयों पर सार्थक चर्चा की। यह भेंट समोर बाग एवं सिटी पैलेस में हुई।
राजमहल, सिटी पैलेस पहुंचने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार सदस्य डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर दोनों के बीच देश से जुड़े विभिन्न विषयों और वर्तमान वैश्विक राजनीतिक परिदृश्य पर लगभग आधे घंटे तक विचार-विमर्श हुआ। रक्षा मंत्री ने मेवाड़ द्वारा देश को दिए गए ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करते हुए महाराणा कुंभा, महाराणा सांगा और महाराणा प्रताप के आदर्शों को नमन किया।
इस अवसर पर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के साथ परिवार की सदस्य निवृत्ति कुमारी मेवाड़, मोहलक्षिका कुमारी मेवाड़, प्राणेश्वरी कुमारी मेवाड़ एवं हरितराज सिंह मेवाड़ भी उपस्थित रहे। सभी ने रक्षा मंत्री का सम्मानपूर्वक आभार व्यक्त किया।

इसके पहले, रक्षा मंत्री समोर बाग पहुंचे, जहां मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार सदस्य एवं नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ तथा राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान रक्षा मंत्री ने कहा कि मेवाड़ की यह भूमि सदैव देश को गौरवान्वित करती रही है। वीरता, त्याग और राष्ट्रभक्ति की परंपरा से ओतप्रोत मेवाड़ ने हर युग में भारत की अस्मिता और स्वाभिमान को सशक्त किया है। उन्होंने कहा कि यहां की संस्कृति, मूल्य और बलिदान की भावना आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है।
बैठक के दौरान रक्षा मंत्री से क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं, विकास कार्यों की प्रगति तथा भविष्य की आवश्यकताओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जनहित से जुड़े मुद्दों, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और क्षेत्र के समग्र विकास पर गंभीर विचार-विमर्श हुआ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा रखे गए सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना और विकास से जुड़े विषयों पर सकारात्मक रुख अपनाने का आश्वासन दिया।
