LOADING

Type to search

चैटजीपीटी से सीखा नकली नोट बनाने का तरीका, तीन आरोपी गिरफ्तार

Local

चैटजीपीटी से सीखा नकली नोट बनाने का तरीका, तीन आरोपी गिरफ्तार

Share

उदयपुर, 21 सितम्बर: चित्तौड़गढ़ जिले में नकली नोट बनाने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी संख्या में नकली नोट और उपकरण जब्त किए हैं। आरोपियों ने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने चैटजीपीटी ऐप और सोशल मीडिया से नकली नोट बनाने का तरीका सीखा और अमेजन-फ्लिपकार्ट से सामान खरीदकर किराए के कमरे में नोट छापने का काम शुरू कर दिया।
विजयपुर थानाधिकारी प्रभुसिंह चुंडावत ने बताया कि 17 सितम्बर को कोतवाली थाना क्षेत्र से तीन युवकों को पकड़ा गया था। इनमें आसिफ अली (27) पुत्र नूर मोहम्मद और आदिल खान (27) पुत्र अब्दुल गफूर खान निवासी सारोला, झालावाड़, तथा शाहनवाज खान (27) पुत्र मंसूर अहमद निवासी कैथून, कोटा शामिल हैं। तीनों के पास से 500-500 रुपए के नकली नोट बरामद हुए थे। जांच के दौरान सामने आया कि मास्टरमाइंड आसिफ था। उसके पास से 13, आदिल से 6 और शाहनवाज से 11 नकली नोट बरामद किए गए, जो सभी एक ही सीरीज के थे।
पुलिस ने आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने खुलासा किया कि वे झालावाड़ के एक मोहल्ले में किराए का कमरा लेकर नकली नोट बनाने का काम कर रहे थे। मकान मालिक को यह बताया गया था कि वे ऑनलाइन कंप्यूटर से जुड़ा काम करते हैं। वास्तव में कमरे में प्रिंटर, खास किस्म का पेपर, इंक, केमिकल, हरी टेप, सांचा और वाटरमार्क तैयार करने का फ्रेम रखा गया था, जिसे पुलिस ने मौके से बरामद किया।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने ज्यादातर उपकरण अमेजन और फ्लिपकार्ट से मंगाए थे। इंटरनेट से सीखी तकनीक का इस्तेमाल कर उन्होंने नकली नोट तैयार किए और उन्हें बाजार में चलाने लगे।
पावटा चौक व आसपास इलाके में खपाते थे नकली नोट
गिरोह नकली नोट को खपाने के लिए चित्तौड़गढ़ शहर के पावटा चौक और आसपास के इलाके को चुनता था। यहां वे रेहड़ी-ठेले वालों, सब्जी विक्रेताओं, बुजुर्गों और कम पढ़े-लिखे लोगों को टारगेट बनाते थे। आरोपी छोटे-मोटे सामान खरीदकर 500 रुपए के नकली नोट से भुगतान कर देते थे। पहचान वाले इलाकों से बचने के लिए वे फर्जी नंबर प्लेट वाली बाइक का उपयोग करते थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने चित्तौड़गढ़ में भी एक किराए का कमरा ले रखा था और वहीं से नकली नोट का नेटवर्क फैलाने की योजना बना रहे थे। फिलहाल तीनों आरोपी रिमांड पर हैं और पुलिस उनसे और भी खुलासों की उम्मीद कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *