3 महीने से सैलरी नहीं मिली, घरेलू कलह बढ़ी—गार्ड ने फंदा लगाकर दी जान देने की कोशिश
Share
मां ने समय रहते काटी रस्सी, एमजी हॉस्पिटल में चल रहा इलाज
बांसवाड़ा, 15 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): लगातार तीन महीने से वेतन न मिलने और घरेलू कलह बढ़ने से परेशान एक सिक्योरिटी गार्ड ने शुक्रवार देर रात आत्महत्या का प्रयास किया। मामला जिले के जानामेडी गांव का है। सरकारी हॉस्पिटल में तैनात मणिलाल नाम का गार्ड निजी सिक्योरिटी कंपनी के जरिए काम करता था, लेकिन अगस्त से उसे तनख्वाह नहीं मिली थी। इस आर्थिक तंगी ने उसके घर के हालात बिगाड़ दिए थे और पति-पत्नी के बीच विवाद भी बढ़ता जा रहा था।
जानकारी के अनुसार घर खर्च के लिए पत्नी बार-बार पैसे मांग रही थी, जिससे झगड़े बढ़ते गए। तनाव में आकर मणिलाल ने अपने कमरे में फंदा लगा लिया। उसी दौरान उसकी मां कमरे में पहुंची तो बेटे को रस्सी पर झूलता देख घबरा गई और तुरंत रस्सी काटकर उसे नीचे उतारा। परिजन उसे तुरंत बांसवाड़ा के एमजी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।
परिजनों ने बताया कि अगस्त महीने से सैलरी नहीं मिलने के कारण घर चलाना मुश्किल हो गया था। आर्थिक दबाव और रोज-रोज के झगड़ों से टूटकर उसने यह कदम उठाया। मां का कहना है कि समय पर पहुंचकर बेटे की जान बच गई, वरना बड़ी अनहोनी हो सकती थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
