डूंगरपुर में 3 पंचों पर हमला, एक की जान ली
Share
मारपीट की पुरानी घटना पर बातचीत के दौरान लट्ठ से वार, हत्या का मामला दर्ज
डूंगरपुर, 7 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): डूंगरपुर जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र में पंचों पर हुए हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। यह हमला एक पुराने झगड़े को सुलझाने के लिए की गई पंचायत के दौरान हुआ। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
दोवड़ा थाना पुलिस के अनुसार गमीरपुरा उपला फला निवासी बंशीलाल पुत्र लक्ष्मणलाल मनोम ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 नवंबर को धूलेश्वर पुत्र नानूराम उर्फ नाना ननोमा ने लक्ष्मण पुत्र सोमाजी नमोमा के साथ गाली-गलौज करते हुए पत्थरों से हमला किया था, जिससे लक्ष्मण के सिर में गंभीर चोट आई थी। इस घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल था।
6 नवंबर को मामले को सुलझाने के लिए पंच भानजी परमार, वजेराम परमार, शंकर परमार, गौतम परमार और राजेंद्र परमार आरोपी के घर पहुंचे थे। बातचीत के दौरान आरोपी धूलेश्वर फिर से उग्र हो गया और अपने साथियों के साथ मिलकर लट्ठों से हमला कर दिया।
हमले में जयंतीलाल परमार को सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि बंशीलाल और कांतिलाल भी घायल हो गए। जयंतीलाल को पहले बनकोड़ा सीएचसी लाया गया, जहां से गंभीर स्थिति में डूंगरपुर अस्पताल रेफर किया गया। हालत में सुधार न होने पर उन्हें उदयपुर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान दो घंटे बाद उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने मृतक के शव को डूंगरपुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पीड़ित परिजनों ने आरोपी धूलेश्वर और उसके अन्य साथियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है।
एसपी मनीष कुमार के निर्देश पर दोवड़ा थाना पुलिस ने आरोपियों की तलाश में टीम गठित की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद आपसी रंजिश और पुरानी मारपीट से जुड़ा हुआ था। पुलिस अब घटना के साक्ष्य एकत्र कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
