कुंभलगढ़ में पर्यटकों की भीड़: जंगल सफारी में भी बढ़ी रौनक
Share
देशभर से पहुंचे सैलानी
कुंभलगढ़, 24 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज डेस्क): दीपावली के बाद कुंभलगढ़ किला पर्यटकों से गुलजार हो गया है। शुक्रवार को किले के सभी द्वारों पर सैलानियों की आवाजाही अधिक रही। गुजरात के अहमदाबाद, राजकोट, हिम्मतनगर, सूरत और जामनगर सहित विभिन्न शहरों से बड़ी संख्या में पर्यटक किले का भ्रमण करने पहुंचे।
पर्यटक बादल महल, राम पोल और यज्ञ वेदी जैसे प्रमुख स्थलों का आनंद ले रहे हैं। कई परिवारों और युवा समूहों ने जंगल सफारी का भी लुत्फ उठाया। फॉरेस्टर सत्येंद्र सिंह ने बताया कि सफारी के दौरान पर्यटकों को सांभर, चीतल, नीलगाय और जंगली मुर्गे देखने को मिले।
वन विभाग की टीम सफारी मार्गों पर लगातार निगरानी कर रही है ताकि पर्यटकों को सुरक्षित अनुभव मिले। प्रशासन ने किले पर पार्किंग व्यवस्था को मजबूत किया और प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मी तैनात किए।
होटल संचालक किशन सिंह भाटी ने बताया कि पर्यटकों की आमद बढ़ने से स्थानीय होटल, रेस्टोरेंट और सफारी संचालकों के व्यवसाय में वृद्धि हुई है। दीपावली के बाद का यह पर्यटन सीजन क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी गति दे रहा है।
