LOADING

Type to search

उदयपुर एयरपोर्ट से इंडिगो की 20 फ्लाइटें हुई कैंसिल

Local

उदयपुर एयरपोर्ट से इंडिगो की 20 फ्लाइटें हुई कैंसिल

Share

यात्रियों में अफरा-तफरी, बेंगलुरु रूट पर छह घंटे की देरी
उदयपुर, 5 दिसम्बर
: इंडिगो एयरलाइंस के संचालन में हुई गड़बड़ी का असर उदयपुर डबोक एयरपोर्ट पर शुक्रवार को साफ दिखाई दिया। दिनभर में एयरलाइन की कुल 20 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इनमें 10 उड़ानें उदयपुर आने वाली और 10 यहां से उड़ने वाली थीं। प्रभावित उड़ानें मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद, इंदौर और बेंगलुरु रूट की नियमित सेवाओं से थीं।
यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी बेंगलुरु रूट पर हुई। वहां से सुबह 11 बजे की फ्लाइट करीब 6 घंटे देरी के बाद शाम पांच बजे पहुंची। इस बीच टर्मिनल पर इंतजार कर रहे यात्री बार-बार काउंटर और ऐप पर अपडेट चेक करते रहे, लेकिन उड़ान रद्द होने की जानकारी उन्हें देर से मिली। कई यात्रियों ने एयरलाइन पर आरोप लगाया कि उन्हें आखिरी समय में मैसेज भेजा गया, जबकि वे पहले ही एयरपोर्ट पहुंच चुके थे।
दूसरी एयरलाइंस में किराया बढ़ने से और बढ़ी परेशानी
उड़ानों के रद्द होने के बाद दूसरी एयरलाइंस ने तुरंत टिकटों का किराया बढ़ा दिया, जिससे यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गईं। दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु रूट पर टिकटें अचानक कई हजार रुपए महंगी हो गईं। कुछ यात्रियों को मजबूरी में दूसरी एयरलाइन से दुगुने या उससे भी ज्यादा किराए पर टिकट लेनी पड़ी। कई लोगों ने यात्रा टालनी पड़ी क्योंकि बढ़ा हुआ किराया उनकी पहुंच से बाहर था।
एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी और अधूरी जानकारी
सुबह से दोपहर तक एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। यात्री रिफंड और री-बुकिंग के लिए काउंटरों के चक्कर काटते रहे। उन्हें स्पष्ट नहीं बताया गया कि गड़बड़ी कितने समय तक जारी रहेगी। यात्रियों ने स्टाफ की कमी और अधूरी जानकारी की शिकायत भी की।
रिफंड या विकल्प की प्रक्रिया जारी : इंडिगो प्रबंधन
इंडिगो की ओर से कहा गया कि प्रभावित यात्रियों को सूचना भेजी गई और रिफंड या विकल्प की प्रक्रिया जारी है। लेकिन ग्राउंड पर लोगों का अनुभव इससे अलग रहा। दिनभर की इस उथल-पुथल ने उदयपुर में एयर ट्रैफिक प्रभावित किया और यात्रियों को लंबे समय तक परेशानियों का सामना करना पड़ा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *