पैसे के बहाने बुलाकर दो भाइयों को पीटा, एक की मौत
Share
तीन युवकों ने लट्ठों से किया हमला, दूसरा भाई ने भागकर बचाई जान
डूंगरपुर, 22 जनवरी: बांसवाड़ा जिले के अरथूना थाना क्षेत्र में दोस्ती के नाम पर धोखे और बेरहमी से की गई मारपीट ने एक युवक की जान ले ली। पैसे लेने के बहाने घर से बुलाए गए दो भाइयों पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने लाठियों और लात-घूसों से हमला कर दिया। इस हमले में एक भाई की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा भाई किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
अरथूना पुलिस के अनुसार रामसोर निवाई निवासी महेंद्र डेंडोर (23) की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है। रिपोर्ट में बताया गया कि 21 जनवरी की शाम वह अपने भाई महिपाल डेंडोर के साथ बाइक से गड़िया गया था। वहां उनकी मुलाकात सुरेश हुवोर निवासी गड़िया से हुई। सुरेश ने रुपए लेने की बात कहकर दोनों भाइयों को बांसवाड़ा के सारंगपुर चलने के लिए कहा। भरोसा कर दोनों भाई सुरेश के साथ बाइक से निकल पड़े।
रात करीब 7.30 बजे सारंगपुर में देवगढ़ होटल के पास बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। तीनों वहीं खड़े होकर पेट्रोल की व्यवस्था कर रहे थे, तभी एक अपाचे बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे दो युवकों के हाथों में लट्ठ थे। आरोप है कि अल्पेश डिंडोर निवासी लिम्बडिया, धनपाल हुवॉर निवासी गड़िया और लोकेश ने उतरते ही हमला कर दिया। लट्ठों, लातों और घूसों से महिपाल पर ताबड़तोड़ वार किए गए।
महिपाल जमीन पर गिर पड़ा और बचाव के लिए चिल्लाता रहा। इस दौरान महेंद्र किसी तरह वहां से भागकर जान बचाने में सफल रहा। गंभीर रूप से घायल महिपाल को पहले गलियाकोट अस्पताल और फिर सागवाड़ा होते हुए डूंगरपुर अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि सुरेश ने ही पैसे के बहाने बुलाकर हमले की साजिश रची। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
