LOADING

Type to search

बांसवाड़ा में अवैध-शराब से भरे दो डंपर पकड़े, ड्राइवर-खलासी गिरफ्तार

Local

बांसवाड़ा में अवैध-शराब से भरे दो डंपर पकड़े, ड्राइवर-खलासी गिरफ्तार

Share


बांसवाड़ा/डूंगरपुर, 4 दिसंबर: राजस्थान–गुजरात बॉर्डर पर अवैध शराब तस्करी लगातार बढ़ रही है। बुधवार शाम बांसवाड़ा और डूंगरपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए दो डंपर और एक पिकअप से भारी मात्रा में शराब जब्त की। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। जब्त शराब की कुल कीमत लाखों रुपए आंकी जा रही है।
दो डंपरों से 480 कार्टून शराब बरामद
बांसवाड़ा सदर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जयपुर मार्ग के तेजपुर की ओर से अवैध शराब से भरे दो डंपर गुजरने वाले हैं। थानाधिकारी बुधाराम बिश्नोई के नेतृत्व में दाहोद मार्ग स्थित घिवा बड़ा पर नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान एक डंपर को रोका गया, जिसमें 239 कार्टन बीयर व अंग्रेजी शराब मिले। ड्राइवर सुरेंद्र सिंह (उपली ओडन, नाथद्वारा) और खलासी विक्रम (हुंडिया, दाहोद) को गिरफ्तार कर लिया गया। इसी बीच पीछे से आ रहा दूसरा डंपर अचानक नाकाबंदी से पहले ही गायब हो गया। पुलिस ने तलाश की तो वह भचड़िया हाईवे पर पेट्रोल पंप के पास लावारिस हालत में मिला। ड्राइवर फरार हो गया। पुलिस को संदेह है कि तस्कर डंपरों को एस्कॉर्ट कर रहे थे, जिन्होंने नाकाबंदी की जानकारी मिलते ही अलर्ट कर दिया।
5 हजार में बांसवाड़ा पार कराने का सौदा
गिरफ्तार ड्राइवर ने खुलासा किया कि 5 हजार रुपए में बांसवाड़ा पार कराने का सौदा हुआ था। दोनों डंपरों पर नंबर प्लेट नहीं थी, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया। पुलिस ने डंपरों सहित शराब जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
डूंगरपुर में 5 लाख की पंजाब निर्मित शराब पकड़ी
डूंगरपुर की बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने रतनपुर बॉर्डर पर एक पिकअप से 70 कार्टन पंजाब निर्मित शराब जब्त की। ‘ऑपरेशन स्वच्छता’ के तहत पकड़ी गई इस शराब की कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई गई है।
घरेलू सामान की आड़ में शराब छिपाई गई थी। पुलिस ने हरियाणा निवासी चालक विकास जाट को गिरफ्तार कर लिया है। उससे नेटवर्क और सप्लाई चैन को लेकर पूछताछ की जा रही है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *