एनिकट में डूबने से दो मासूम भाइयों की मौत
Share
छोटे का पैर फिसला तो बड़ा भाई बचाने के लिए कूदा, परिवार में चार बहनें बची
डूंगरपुर, 16 अक्टूबर(विजन 360 न्यूज डेस्क): घर के पास बने एनिकट में नहाने गए दो मासूम भाइयों की पानी में डूबने से मौत हो गई। छोटे भाई को डूबते देख बचाने के लिए बड़े भाई ने छलांग लगा दी, लेकिन दोनों गहरे पानी में डूब गए और बाहर नहीं निकल पाए। चिल्लाते हुए साथी बच्चे घर पहुंचे तो आसपास के लोगों ने एनिकट में कूदकर दोनों भाइयों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
घटना उदयपुर जिले के पहाड़ा थाना क्षेत्र के रानावाड़ा गांव में गुरुवार को हुई। परिजन दोनों भाइयों को डूंगरपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
दोस्तों के साथ एनिकट पर नहाने गए थे
पहाड़ा थानाधिकारी उम्मेदीलाल ने बताया- रानावाड़ा गांव निवासी शंकर सिंह सिसोदिया के बेटे अजीत सिंह (14) और नारायण सिंह (11) की पानी में डूबने से मौत हुई है। गुरुवार को दोनों भाई अपने दोस्तों के साथ घर से लगभग 500 मीटर दूर गोधरा बावरा एनिकट पर नहाने गए थे। नहाते समय छोटा भाई नारायण सिंह का पैर फिसल गया और वह पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए बड़ा भाई अजीत सिंह पानी में कूदा, लेकिन दोनों ही गहरे पानी में डूब गए।
आसपास के लोगों ने कूदकर बाहर निकाला
परिजनों ने बताया कि मौके पर मौजूद अन्य बच्चे चिल्लाते हुए घर पहुंचे और घटना की जानकारी दी। आसपास के लोगों ने घटना के करीब एक घंटे के अंदर ही दोनों भाइयों को बाहर निकाल लिया। तुरंत डूंगरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अब चार बहनें बची
अजीत सिंह कक्षा 10वीं का छात्र था, जबकि नारायण सिंह कक्षा 7वीं में पढ़ता था। अब परिवार में चार बहनें हैं।
