बांसवाड़ा में दो नाबालिग बहनें लापता, अपहरण का शक
Share
बस स्टैंड पर नानी को छोड़ने गईं, फिर नहीं लौटीं; दो युवकों पर मुकदमा दर्ज
बांसवाड़ा, 2 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): बांसवाड़ा जिले के लोहारिया थाना क्षेत्र में 29 अक्टूबर की शाम दो नाबालिग बहनों के रहस्यमय ढंग से लापता होने से सनसनी फैल गई। दोनों बहनें नानी को बस स्टैंड छोड़ने गई थीं, लेकिन उसके बाद से अब तक घर नहीं लौटीं। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दो युवकों पर अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लोहारिया थाने के एएसआई हरिश्चंद्र सिंह ने बताया कि परिवार सूरत में मजदूरी करता है और दीपावली मनाने गांव आया हुआ था। बड़ी बहन (जो स्वयं भी नाबालिग है) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि लापता बहनों की उम्र क्रमशः 13 और 16 वर्ष है। दोनों के अचानक गायब हो जाने के बाद परिजनों ने उनकी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
थाना प्रभारी के अनुसार रिपोर्ट के आधार पर महाराष्ट्र निवासी गोपाल और दाहोद निवासी अर्जुन के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस को आशंका है कि दोनों ने बहनों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए हैं।
सीसीटीवी फुटेज और बस स्टैंड पर जांच जारी
पुलिस टीमों ने इलाके के बस स्टैंड, रास्तों और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। साथ ही ग्रामीणों से सहयोग की अपील की गई है ताकि दोनों नाबालिग बहनों को जल्द से जल्द सुरक्षित खोजा जा सके। पुलिस ने कहा कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर तलाश तेज कर दी गई है।
