बस-ट्रक टक्कर में चालक सहित दो की मौत, 13 घायल
Share
बस दुर्घटना में मौत के साथ शराब तस्करी का भी खुलासा, लगेज में मिली अवैध शराब
उदयपुर, 8 जनवरी: राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना ऋषभदेव थाना क्षेत्र के पीपली-ए गांव के समीप रात करीब 2 बजे हुई, जब गोरखपुर से सूरत जा रही एक निजी वीडियो कोच बस आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस चालक सहित दो व्यक्तियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर ऋषभदेव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर घायलों को उदयपुर रेफर किया गया।
मौके की जांच के दौरान पुलिस को बस के लगेज के अंदर लकड़ी के बॉक्स में भरी अवैध शराब की पेटियां मिलीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शराब यात्रियों की आड़ में गुजरात ले जाई जा रही थी। पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया है।
थानाधिकारी हेमंत अहारी ने बताया कि मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में दुर्घटना और अवैध शराब तस्करी दोनों पहलुओं से जांच जारी है।
