बांसवाड़ा में दो व्यापारी लापता, मोटागांव में बंद रहीं दुकानें
Share
लास्ट लोकेशन पेट्रोल पंप पर मिली, दो दिन बाद भी कोई सुराग नहीं; CCTV खंगाल रही पुलिस
उदयपुर, 10 सितम्बर
बांसवाड़ा जिले के मोटागांव कस्बे के दो व्यापारी दोस्त सोमवार सुबह से रहस्यमय तरीके से लापता हो गए। दोनों की आखिरी लोकेशन पालोदा पेट्रोल पंप पर मिली थी, लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं बुधवार को कस्बे में सभी दुकानें बंद रहीं।
मोटागांव निवासी हर्षित सेवक ई-मित्र की दुकान और सुरेश सोनी किराना स्टोर चलाते हैं। दोनों पड़ोसी हैं और सोमवार को साबला जाने का कहकर घर से निकले थे। हर्षित के भाई गगन सेवक ने बताया कि सुरेश दोपहर 12 बजे हर्षित को साथ ले गया था। हर्षित ने दोपहर 2:38 पर कॉल कर परतापुर से लौटने की बात कही थी। शाम 5:30 बजे उसने फिर बताया कि वह पालोदा पेट्रोल पंप पर है और थोड़ी देर में आ जाएगा। इसके बाद उसका फोन रात 8 बजे से बंद हो गया। वहीं, सुरेश ने शाम 7:23 बजे अपने दामाद से बात की थी। इसके बाद से दोनों से संपर्क नहीं हो सका।
मोटागांव थानाधिकारी रामसिंह ने बताया कि दोनों की तलाश में तीन टीमें गठित की गई हैं और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष नीलेश कोठारी ने बताया कि लापता युवकों की जानकारी नहीं मिलने पर कस्बे की सभी दुकानें बंद रखी गईं।
