उदयपुर सांसद रावत शीतकालीन सत्र की तैयारी में जुटे
Share
एयरपोर्ट, हाईवे, बावड़ियों और पर्यटन पर फोकस रहेंगे सवाल
उदयपुर, 30 नवंबर: सोमवार से 19 दिसंबर तक चलने वाले संसद के शीतकालीन सत्र में उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत 75 सवालों के साथ उदयपुर की जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। रावत ने अब तक 7 सत्रों में कई मुद्दों पर पैरवी की है और राजस्थान में सवाल पूछने के मामले में टॉप 3 सांसदों में शामिल हैं। इस सत्र में उनका ध्यान शिक्षा-रोजगार, ट्रेन-फ्लाइट कनेक्टिविटी, हाईवे सुधार और उदयपुर लोकसभा क्षेत्र की 400 बावड़ियों के जीर्णोद्धार पर रहेगा।
रावत ने कहा कि उदयपुर एयरपोर्ट पर रात और इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू करने की मांग उठाएंगे। इसके अलावा प्रतापनगर से देबारी तक 2.5 किमी एलिवेटेड रोड बनाकर ट्रैफिक जाम और हादसों में कमी लाने पर जोर देंगे। दक्षिण भारत से रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने और वंदे भारत ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की योजना है। उदयपुर-अहमदाबाद सिक्स लेन हाईवे के ब्लैक स्पॉट्स और उदयपुर-बांसवाड़ा स्टेट हाईवे को नेशनल हाईवे बनाने की मांग भी करेंगे।
नए जिले सलूंबर में मेडिकल कॉलेज और नवोदय स्कूल की स्थापना, जनजाति बस्तियों के सुधार और बेहतर सड़क व बुनियादी सुविधाओं की मांग की जाएगी। रावत 400 से अधिक बावड़ियों के जीर्णोद्धार, महाराणा प्रताप की मूर्ति स्थापना और मानगढ़ धाम डेवलपमेंट पर भी ध्यान देंगे। साथ ही उदयपुर को देश-दुनिया में पर्यटन और डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए आकर्षण केंद्र बनाए रखने के लिए सरकारी पहल पर सवाल उठाएंगे।
