उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने 68 वर्ष में एमए परीक्षा दी
Share
बेटियों से प्रेरणा लेकर शिक्षा के पथ पर लौटे, बने प्रेरणास्त्रोत
उदयपुर, 14 जनवरी: उदयपुर ग्रामीण विधानसभा से तीसरी बार निर्वाचित विधायक फूलसिंह मीणा ने 68 वर्ष की उम्र में एम.ए. फाइनल परीक्षा दी। 15 वर्ष की आयु में आर्थिक कठिनाइयों के कारण पढ़ाई छोड़ने वाले मीणा ने अपनी बेटियों की प्रेरणा से दोबारा शिक्षा की राह अपनाई और अब अपनी उपलब्धि से क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गए हैं।
विधायक मीणा ने 40 वर्ष बाद बी.ए. की परीक्षा उत्तीर्ण की और अब राजनीति विज्ञान में एम.ए. अंतिम वर्ष की परीक्षा दी। उनका लक्ष्य पीएचडी हासिल कर अपने सैनिक पिता को समर्पित करना है। व्यस्त राजनीतिक और सामाजिक कार्यों के बावजूद उन्होंने अध्ययन जारी रखा।
मीणा विधानसभा के स्पीकर पैनल में शामिल हैं और लगातार दूसरी बार जनजाति कल्याण समिति के सभापति भी हैं। वे आरएससीईआरटी की गवर्निंग काउंसिल के सदस्य भी हैं। राधास्वामी अनुयायी एवं बाबाजी गुरिंदर सिंह जी ढिल्लों के शिष्य विधायक अपनी फिटनेस और ड्रेस कोड के लिए लोकप्रिय हैं।
प्राचार्य संजय लुणावत ने बताया कि विधायक मीणा व्यस्तताओं के बीच क्षेत्र भ्रमण, कार में यात्रा और ऑडियो नोट्स सुनते हुए लगातार अध्ययन में जुटे रहते हैं। उनका यह जज्बा शिक्षा के महत्व और जीवन पर्यंत सीखने की प्रेरणा देता है।
