उदयपुर की बेटी तनुश्री सोनी मणिपुर में दिखाएंगी दमखम
Share
महिला फुटबॉल लीग में चयन, 10 साल की उम्र से कर रही अभ्यास
उदयपुर, 29 जनवरी: उदयपुर की होनहार फुटबॉल खिलाड़ी तनुश्री सोनी का मणिपुर में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित महिला फुटबॉल लीग के लिए चयन हुआ है। गुरुवार को वे प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना हो गईं। महज 10 वर्ष की उम्र से फुटबॉल खेल रही तनुश्री ने कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।
उदयपुर से करीब 38 किलोमीटर दूर आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र जावर माइंस की निवासी तनुश्री वर्तमान में मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय से बीए की पढ़ाई कर रही हैं और पढ़ाई के साथ खेल को भी पूरी गंभीरता से आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने वर्ष 2017 में राष्ट्रीय स्तर पर भागीदारी की, वहीं अंडर-17 वर्ग और एक सीनियर नेशनल टूर्नामेंट में भी शानदार प्रदर्शन किया है।
तनुश्री का कहना है कि इस सफर में उन्हें सबसे बड़ी प्रेरणा अपने पिता नरेंद्र सोनी से मिली। पिता स्वयं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी रह चुके हैं और 1990 व 1997 की संतोष ट्रॉफी में कंटेंडर प्लेयर के रूप में खेल चुके हैं। उन्होंने राजस्थान महिला फुटबॉल टीम का तीन बार प्रतिनिधित्व भी किया है।
जिला फुटबॉल संघ के सचिव शकील अहमद ने तनुश्री के चयन को पूरे जिले के लिए गौरवपूर्ण बताया और कहा कि आने वाले समय में वे देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी रोशन करेंगी।
