LOADING

Type to search

उदयपुर की लॉयन सफारी दर्शकों के लिए तैयार

Local

उदयपुर की लॉयन सफारी दर्शकों के लिए तैयार

Share

दिसम्बर से होगी शुरू, सज्जनगढ़ बायलॉजिकल पार्क में ‘सम्राट’ और ‘सुनैना’ बनेंगे आकर्षण
20 हेक्टेयर क्षेत्र में 3.50 करोड़ की लागत से विकसित सुविधा
उदयपुर, 19 नवम्बर:
शहर के पर्यटन मानचित्र को नई दिशा देने वाली बहुप्रतीक्षित लॉयन सफारी अब दर्शकों के लिए खुलने को तैयार है। वन विभाग ने सफारी का निर्माण कार्य पूरा कर लिया है और इसे दिसंबर के प्रथम सप्ताह में आमजन के लिए खोल दिया जाएगा। इससे पहले इसी सप्ताह ट्रायल रन किया जाएगा, ताकि सुरक्षा और संचालन संबंधी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा सके।
लॉयन सफारी के शुरू होने के साथ ही उदयपुर पर्यटन में एक नया आकर्षण जुड़ जाएगा। सैलानियों को यहां एशियाटिक शेरों को बेहद करीब से देखने का रोमांच मिलेगा। पिछले वर्ष गुजरात के जूनागढ़ से दो शेर, आठ वर्षीय ‘सम्राट’ और चार वर्षीय ‘सुनैना’ को उदयपुर लाया गया था। इन्हें लंबे समय से सज्जनगढ़ बायलॉजिकल पार्क के एनक्लोजर में विशेष देखरेख में रखा जा रहा था, जहां इनकी स्वास्थ्य निगरानी, अनुकूलन और प्रशिक्षण प्रक्रिया निरंतर जारी रही। वन विभाग के अनुसार अब दोनों शेर सफारी के लिए पूरी तरह तैयार हैं और जल्द ही पर्यटकों का स्वागत करेंगे।
वन विभाग ने जैव विविधता संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगभग 20 हेक्टेयर में इस आधुनिक सफारी को विकसित किया है। इस पर करीब 3.50 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। सफारी में प्रवेश के लिए टिकट 160 रुपए प्रति व्यक्ति तय की गई है। विभाग को उम्मीद है कि सफारी शुरू होने से उदयपुर में वाइल्डलाइफ पर्यटन को नई गति मिलेगी और यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *