उत्तरप्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने श्रीनाथजी के दर्शन किए
Share
नाथद्वारा, 16 दिसम्बर: गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान में उत्तरप्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को नाथद्वारा स्थित विश्वप्रसिद्ध श्रीनाथजी मंदिर में प्रभु श्रीनाथजी के दर्शन किए। उन्होंने विधिवत रूप से राजभोग झांकी का दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सुबह करीब 11 बजे उदयपुर से नाथद्वारा पहुंचीं। उनका स्वागत स्थानीय न्यू कॉटेज पर जिला प्रशासन की ओर से किया गया। इस दौरान एसपी ममता गुप्ता, जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा, डीएसपी शिप्रा राजावत और एसडीएम रक्षा पारिख मौजूद रहे। पुलिस जवानों ने राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया।
दर्शन के पश्चात राज्यपाल श्री महाप्रभुजी की बैठक में गईं, जहां मंदिर की परंपरा के अनुसार अधिकारी सुधाकर उपाध्याय ने उन्हें उपरना ओढ़ाकर, रजाई भेंट कर एवं श्रीनाथजी का प्रसाद प्रदान किया। इस अवसर पर मंदिर सचिव लीलाधर पुरोहित, मंदिर मंडल के मुख्य अधिकारी जितेंद्र कुमार पांडेय और राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी भी उपस्थित थे।
राज्यपाल के दौरे को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और मंदिर व्यवस्था के सभी उपाय किए गए। मंदिर परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, जिससे दर्शन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुए।
