बांसवाड़ा में VDO पर जानलेवा हमला, सिर फटा; सोने की चेन और मोबाइल गायब
Share
बांसवाड़ा, 27 जनवरी: पुरानी रंजिश के चलते बांसवाड़ा में एक ग्राम विकास अधिकारी को सरेआम घेरकर पीटने का मामला सामने आया है। हमले में अधिकारी के सिर में गंभीर चोट आई, जिन्हें महात्मा गांधी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। पीड़ित ने मारपीट के दौरान सोने की चेन और मोबाइल गायब होने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बांसवाड़ा शहर के प्रताप सर्कल पर सोमवार देर शाम ग्राम विकास अधिकारी जयप्रकाश पुत्र धुलजी निवासी पानी वाला गढ़ा के साथ मारपीट की घटना हुई। पुलिस के अनुसार जयप्रकाश प्रताप सर्कल से गुजर रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे कुछ युवकों ने रास्ते में रोककर उन पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले में जयप्रकाश के सिर में गंभीर चोट आई और वे लहूलुहान हो गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सिर में टांके लगाए। फिलहाल उनका उपचार जारी है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि मारपीट के दौरान उसके गले से सोने की चेन और मोबाइल फोन गायब हो गए। पुलिस का कहना है कि यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सामान लूटा गया है या संघर्ष के दौरान कहीं गिर गया।
घटना की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई गोविंद पाटीदार ने हॉस्पिटल पहुंचकर पीड़ित के बयान दर्ज किए। जयप्रकाश की रिपोर्ट पर लोधा निवासी मुकुल पाटीदार सहित उसके 2-3 साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस प्रताप सर्कल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोपियों की तलाश जारी है।
