ग्राम विकास अधिकारी भर्ती परीक्षा: 84.16% अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
Share
फाइंड माय सेंटर सुविधा का मिला लाभ, शहर में भीड़ और जाम की स्थिति रही
उदयपुर, 2 नवम्बर: शहर के 121 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को एक पारी में ग्राम विकास अधिकारी सीधी भर्ती परीक्षा 2024 आयोजित की गई। इस परीक्षा में कुल पंजीकृत 38,094 अभ्यर्थियों में से 32,060 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जबकि 6,044 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस तरह 84.16 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इस बार परीक्षार्थियों को “फाइंड माय सेंटर” सुविधा का लाभ मिला और उन्हें परीक्षा केंद्र में एक घंटे पहले प्रवेश दिया गया। परीक्षा सुबह 11 बजे शुरू होकर दोपहर 2 बजे तक चली।
जिला प्रशासन ने परीक्षा के लिए शहर के 121 केंद्रों पर व्यवस्था की थी। सभी अभ्यर्थियों की पूरी जांच-पड़ताल के बाद प्रवेश सुनिश्चित किया गया। केंद्रों पर विशेष सतर्कता और अनुशासन बनाए रखने के लिए स्टाफ तैनात रहा।
परीक्षा खत्म होते ही शहर में भीड़ और जाम
परीक्षा समाप्त होते ही अभ्यर्थियों के बाहर निकलने से शहर की सड़कों पर भारी भीड़ जमा हो गई। अभ्यर्थी ऑटो, सिटी बसों और अन्य साधनों का इंतजार करने के लिए सड़क किनारे खड़े रहे, जिससे कई क्षेत्रों में यातायात जाम की स्थिति बन गई। करीब 32 हजार बाहरी अभ्यर्थियों की मौजूदगी के कारण रोडवेज बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भी भारी यात्री दबाव देखा गया। जैसे-तैसे साधन उपलब्ध होते ही अभ्यर्थियों की भीड़ धीरे-धीरे कम हुई।
