4.6 किलो एमडी सप्लाई केस में इनामी आरोपी गिरफ्तार
Share
प्रतापगढ़, 23 जनवरी : प्रतापगढ़ जिला पुलिस ने “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 4 किलो 646 ग्राम अवैध एमडी सप्लाई मामले में वांछित इनामी आरोपी शेफुल्ला शेख को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 2 हजार रुपए का इनाम घोषित था। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर जिला विशेष टीम द्वारा की गई।
मामला 28 नवंबर 2025 को धोलापानी थाना क्षेत्र में दर्ज किया गया था। उस दौरान नाकाबंदी के समय पुलिस ने जतिन मालवीय और जितेंद्र मालवीय, निवासी मानपुरा, प्रतापगढ़ के कब्जे से 4.646 किलो अवैध एमडी जब्त की थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
जांच में खुलासा हुआ कि यह एमडी शेफुल्ला शेख ने सप्लाई की थी, जिसके बाद वह फरार हो गया। लगातार तलाश के बाद जिला विशेष टीम ने उसे गिरफ्तार कर अनुसंधान अधिकारी को सौंप दिया। पुलिस आरोपी से एमडी की सप्लाई चेन को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
