राजसमंद के फुखीया चंद्रभागा बांध में 18 साल बाद पानी
Share
ग्रामीणों ने पूजा-अर्चना कर चुनरी ओढ़ाई
उदयपुर, 9 सितम्बर
राजसमंद-भीलवाड़ा सीमा पर स्थित फुखीया चंद्रभागा बांध में चंद्रभागा नदी का पानी पहुंच गया। पानी भरते ही फुखीया, झोर, नेगड़िया खेड़ा, गोवलिया सहित आसपास के गांवों से सैकड़ों ग्रामीण ढोल-नगाड़ों और पूजा सामग्री के साथ बांध पर जुटे।
ग्रामीण महिला-पुरुषों ने जल देवता की पूजा-अर्चना की और जयकारों के बीच देवी-देवताओं के गीत गाए। करीब 18 साल बाद बांध में पानी आने से ग्रामीणों में उत्साह और खुशहाली देखने को मिली। यह बांध राजसमंद जिले का दूसरा बड़ा मिट्टी का बांध है, जो 7 किमी की परिधि में फैला है और लगभग 15 फीट गेज वाला है।
ग्रामीणों ने हालांकि बांध की पाल कमजोर होने की भी चिंता जताई। चूहों के बिल और अंग्रेजी बबूल के कारण पाल कमजोर हो गई है, जिससे बांध टूटने का डर बना हुआ है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि बांध की पाल पर तुरंत मिट्टी डलवाकर मरम्मत की जाए।
फुखीया चंद्रभागा बांध से आसपास के 50 से अधिक गांवों के कुओं में जल स्तर बढ़ता है, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होता है। बांध के जल भराव और मरम्मत की उपेक्षा दो जिलों की सीमा पर होने के कारण लंबे समय से हुई है, लेकिन पानी आने से किसानों और ग्रामीणों में राहत का माहौल है।
