‘हम बलात्कारी हैं, हमें माफ कर दो’
Share
बांसवाड़ा गैंगरेप के आरोपियों की भरे बाजार में परेड
हाथों में तख्तियां लेकर चले आरोपी
बांसवाड़ा, 26 दिसंबर: जिले में गैंगरेप के आरोपियों की शुक्रवार को अंबापुरा थाना इलाके के बाजार में पुलिस की अगुवाई में परेड निकाली गई। आरोपियों के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर लिखा था—“हम बलात्कारी हैं, हमें माफ कर दो, हमसे गलती हो गई।” पुलिस का उद्देश्य न केवल अपराधियों के मन में कानून का खौफ पैदा करना था, बल्कि जनता में सुरक्षा का भाव भी जागृत करना था।
21 दिसंबर की रात करीब 8 बजे आठ आरोपियों ने बाइक पर जा रही महिला को रोका और उसके जीजा को मारपीट कर भगा दिया। इसके बाद आरोपियों ने रातभर महिला के साथ बलात्कार किया। 22 दिसंबर को पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी गोविंद, रायचंद, सुरेश, मोहन और ईश्वर पिता गौतम को गिरफ्तार किया। इस मामले में दो नाबालिग को भी डिटेन किया गया था।
पीसी रिमांड मिलने के बाद आरोपियों की परेड शुक्रवार को एसपी सुधीर जोशी के निर्देश और डीएसपी गोपीचंद मीणा की अगुवाई में निकाली गई। आरोपियों का चेहरा ढका हुआ था और वे लंगड़ाते हुए करीब डेढ़ किलोमीटर तक चले। परेड के दौरान बाजार में भारी भीड़ जमा हुई और लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया, साथ ही ‘पुलिस जिंदाबाद’ के नारे लगाए।
फरार आरोपी भी गिरफ्तार
डीएसपी गोपीचंद मीणा ने बताया कि गैंगरेप की वारदात में शामिल आठवां आरोपी संजय को मध्य प्रदेश के बाजना से गिरफ्तार किया गया। वह रतलाम से निजी बस में आ रहा था। अब इस मामले के सभी मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं।
पुलिस का संदेश: महिलाओं के खिलाफ अपराध बर्दाश्त नहीं
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महिलाओं के खिलाफ किसी भी प्रकार के अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कठोर कार्रवाई से न केवल अपराधियों को चेतावनी मिली, बल्कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा और कानून के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ।
