पाकिस्तान को कश्मीर की तस्वीर भी नहीं देंगे
Share
हिंदू सम्मेलन में राष्ट्र संत पुलक सागर महाराज का तीखा बयान
डूंगरपुर, 30 जनवरी: सागवाड़ा नगर के ऋषभ वाटिका में आयोजित हिंदू सम्मेलन में राष्ट्र संत पुलक सागर महाराज ने देश की एकता, स्वाभिमान और राष्ट्र गौरव पर जोर देते हुए पाकिस्तान और आंतरिक राजनीति पर तीखे विचार रखे। उन्होंने कहा कि जब तक भारत में भारत माता के सपूत हैं, तब तक पाकिस्तान कश्मीर मांगता रहेगा, लेकिन कश्मीर देना तो दूर, उसे कश्मीर की तस्वीर तक नहीं दी जाएगी। कश्मीर कोई जमीन का टुकड़ा नहीं, बल्कि भारत की तकदीर और पहचान है।
राष्ट्र संत ने कहा कि पाकिस्तान हमेशा मांगने की नीति पर चलता रहा है। कभी अमेरिका से हथियार मांगता है, कभी चीन से पैसा और भारत से कश्मीर। उन्होंने इसे भिखारी मानसिकता करार देते हुए कहा कि भारत ने कभी किसी के सामने हाथ नहीं फैलाया। लालबहादुर शास्त्री और महाराणा प्रताप का उदाहरण देते हुए उन्होंने देश के स्वाभिमान और आत्मसम्मान की परंपरा को रेखांकित किया।
जातिगत राजनीति पर सवाल
पुलक सागर महाराज ने राजनीतिक दलों और सरकारों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भारत को जाति, भाषा, प्रांत और क्षेत्र में बांटने की कोशिशें हो रही हैं। हिंदू समाज ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य, गुर्जर, मीणा जैसे वर्गों में बंट गया है, जिससे एकता कमजोर हो रही है। उन्होंने कहा कि केवल वोट बैंक की राजनीति के लिए समाज को बांटना देशहित में नहीं है।
गौहत्या और राष्ट्रीय प्रतीकों का मुद्दा
उन्होंने गौहत्या, धर्मांतरण, महिलाओं के खिलाफ अपराध और तिरंगे के अपमान जैसे मुद्दों पर चिंता जताई। उनका कहना था कि हिंदू राष्ट्र की बात होने के बावजूद इन समस्याओं पर ठोस रोक नहीं लग पा रही है। उन्होंने हिंदू समाज को संगठित होने का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्र और संस्कृति के अपमान को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।
हिंदू समाज से आह्वान
सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। राष्ट्र संत ने कहा कि हिंदू को अपने अस्तित्व, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति जागरूक और एकजुट होना होगा, तभी देश मजबूत बनेगा।
