उदयपुर में कृति सेनन की बहन नूपुर की शादी की रस्में शुरू
Share
रैफल्स होटल में चलेगा जश्न, बॉलीवुड–म्यूजिक इंडस्ट्री के सितारों का जमावड़ा
उदयपुर, 9 जनवरी: बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन की बहन नूपुर सेनन और मशहूर सिंगर स्टेबिन बेन की शादी के फंक्शन आज से उदयपुर में शुरू हो गए हैं। लेकसिटी के प्रतिष्ठित रैफल्स होटल में आयोजित यह शाही शादी 11 जनवरी को संपन्न होगी, जिसमें दोनों सात फेरे लेंगे। शादी समारोह तीन दिन तक चलेगा।
कृति सेनन, नूपुर सेनन और स्टेबिन बेन अपने-अपने परिवार और करीबी रिश्तेदारों के साथ बुधवार 7 जनवरी की शाम को ही रैफल्स होटल पहुंच गए थे। उदयपुर के लग्जरी डेस्टिनेशन वेडिंग हब रैफल्स होटल में इससे पहले भी कई हाईप्रोफाइल शादियां हो चुकी हैं, जिससे यह आयोजन भी खास माना जा रहा है।
शादी की रस्मों की शुरुआत शुक्रवार को मेहंदी समारोह से हो चुकी है। शनिवार को हल्दी और संगीत का आयोजन किया जाएगा, जबकि 11 जनवरी को विवाह संपन्न होगा। सभी कार्यक्रमों के लिए होटल को अलग-अलग थीम पर सजाया गया है। आयोजन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और होटल स्टाफ को कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी गोपनीय रखने के निर्देश दिए गए हैं।
शादी में शामिल होने के लिए बॉलीवुड, टीवी और म्यूजिक इंडस्ट्री के कई नामी सितारों के आने की संभावना है। टीवी अभिनेता हुसैन कुवाजेर्वाला गुरुवार को उदयपुर पहुंच चुके हैं। वहीं, फिल्म और संगीत जगत से जुड़े कई सेलेब्रिटी भी समारोह में शिरकत कर सकते हैं।
इस शादी में कृति सेनन के बॉयफ्रेंड कबीर भी लाइमलाइट में हैं। वे कृति और उनके परिवार के साथ उदयपुर पहुंचे थे और एयरपोर्ट पर दोनों को एक साथ देखा गया था।उल्लेखनीय है कि रैफल्स होटल में इससे पहले बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु, क्रिकेटर हार्दिक पंड्या, भाजपा विधायक भव्य बिश्नोई और आईएएस परी बिश्नोई की शादियां भी हो चुकी हैं।
