डूंगरपुर एफसीआई गोदाम में गेहूं लोड-अनलोड ठप
Share
‘फर्स्ट इन–फर्स्ट आउट’ नियम पर मजदूरों का विरोध, पीडीएस सप्लाई बाधित
डूंगरपुर, 12 दिसम्बर: डूंगरपुर स्थित एफसीआई गोदाम में ठेकेदार के लेबर और एफसीआई प्रबंधन के बीच बढ़े विवाद के कारण लोड-अनलोड का पूरा काम ठप पड़ गया है। मजदूरों द्वारा कार्य बहिष्कार किए जाने से पीडीएस के गेहूं की आपूर्ति बाधित हो गई है और गोदाम के बाहर ट्रकों की लंबी कतारें लग गई हैं।
एफसीआई गोदाम में खाद्य सुरक्षा योजना के तहत गेहूं की लोडिंग-अनलोडिंग का ठेका निजी कंपनी के पास है और वही लेबर इस काम को अंजाम देते हैं। एफसीआई का स्पष्ट नियम है कि गोदाम में पहले उतारा गया गेहूं ‘फर्स्ट इन–फर्स्ट आउट’ (पहले आए, पहले निकले) के आधार पर ही बाहर भेजा जाए। लेकिन ठेकेदार के लेबर इस नियम को मानने से इनकार कर रहे हैं, जिससे प्रबंधन और ठेकेदार के बीच विवाद गहरा गया।
मजदूरों के कार्य बहिष्कार के चलते गोदाम में बाहर से आने वाला गेहूं अनलोड नहीं हो पा रहा है। वहीं, राशन डीलरों तक गेहूं पहुंचाने वाले ट्रकों में पीडीएस का अनाज लोड होना भी रुक गया है। इस खींचतान का असर सीधे सार्वजनिक वितरण प्रणाली पर पड़ रहा है, जिससे जिले में राशन आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। स्थिति को सामान्य करने के लिए एफसीआई प्रबंधन और ठेकेदार पक्ष के बीच वार्ता जारी है, लेकिन विवाद अभी तक सुलझ नहीं पाया है।
