डूंगरपुर में डूबते परिवार को महिला ने बचाया
Share
कार पानी के गड्ढे में समाई, बहादुर सुरता ने 11 माह के बच्चे सहित पति-पत्नी को निकाला
डूंगरपुर, 26 नवंबर (विजन 360 न्यूज डेस्क): डूंगरपुर में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक साहसी महिला ने अपनी जान की परवाह किए बिना पानी में डूबती कार से एक पूरे परिवार को बचा लिया। बांसवाड़ा-डूंगरपुर नेशनल हाईवे (927-ए) पर हीरोता गांव के पास ग्रेड सेकेंड टीचर नाथूलाल यादव की कार अनियंत्रित होकर करीब 10 फीट गहरे पानी के गड्ढे में गिर गई थी। कार में नाथूलाल, उनकी पत्नी शिल्पा और 11 महीने का बेटा सवार थे।
धमाका जैसी आवाज सुनकर नजदीक में रहने वाली सुरता (35) तुरंत घर से बाहर भागी। कार को डूबता देख वह पानी में कूद गई। उनकी बेटी आयुषी और पड़ोसी युवक भी मदद के लिए उतर गए। सुरता ने बताया कि कांच तोड़ने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में पड़ोसी युवक ने कांच तोड़ा, जिसमें उसका हाथ घायल हो गया। इसके बाद सुरता और टीम ने मिलकर कार के अंदर फंसे परिवार को निकालना शुरू किया।
सबसे पहले आयुषी की मदद से 11 माह के मासूम को बाहर निकाला गया। फिर पाया कि महिला और पुरुष दोनों पानी में औंधे मुंह फंसे हुए थे। युवक को बाहर निकाला, लेकिन वह बेहोश था। महिला को कपड़ों से बाहर निकालने में दिक्कत आई, तो सुरता ने उसके सिर को पकड़कर बाहर खींचा। इसी दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस के मुताबिक धर्मेश यादव बालाजी नगर, डूंगरपुर के रहने वाले हैं और वर्तमान में गांधवा गांव के बालिका स्कूल में पदस्थ हैं। परिवार बोर गांव में शादी समारोह में जा रहा था। हादसे में धर्मेश और उनकी पत्नी शिल्पा गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि बच्चे की हालत ठीक बताई जा रही है। सुरता की सूझबूझ और बहादुरी से बड़ा हादसा टल गया।
