चित्तौड़गढ़ में कपड़े चोरी की वारदात सीसीटीवी में कैद
Share
पार्षद विजय चौहान के घर के बाहर से युवती ले गई कपड़े, पहले भी हो चुकी घटनाएं
चित्तौड़गढ़ | 19 अगस्त
शहर के प्रतापनगर इलाके में एक अजीबोगरीब चोरी का मामला सामने आया है। वार्ड नंबर 19 के पार्षद विजय चौहान के घर के बाहर सूख रहे कपड़े स्कूटी पर आई एक युवती चुरा ले गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
फुटेज के अनुसार युवती ने पहले अपने चेहरे को स्टॉल से ढक रखा था और कुछ देर घर के सामने स्कूटी पर बैठकर फोन पर बात करती रही। ऐसा लग रहा था कि वह फोन पर बात करने के बहाने आसपास की स्थिति पर नजर रख रही थी। करीब 4 से 6 मिनट बाद मौका पाकर उसने बरामदे में सूख रहे कपड़े खींच लिए और स्कूटी पर लेकर फरार हो गई। यह पूरी घटना सुबह 11:29 बजे की है।
घर की मालकिन नीतू चौहान जब कपड़े लेने बाहर आईं तो उन्हें कपड़े गायब मिले। पहले उन्होंने सोचा कि शायद हवा से उड़ गए होंगे, लेकिन जब ढूंढने पर भी नहीं मिले तो शक हुआ। बाद में सीसीटीवी फुटेज देखने पर पूरा मामला सामने आया।
पार्षद विजय चौहान ने बताया कि पिछले एक महीने से पंचवटी और नगरपालिका कॉलोनी सहित कई इलाकों से कपड़े चोरी की शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन कोई सबूत नहीं मिल पाया था। उन्होंने कहा कि अब जबकि घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, तो उम्मीद है कि पुलिस चोर तक पहुंच पाएगी। चौहान ने यह भी कहा कि युवती के पहनावे से वह अच्छे परिवार की प्रतीत हो रही थी, लेकिन चोरी की वजह समझ से परे है।
